टैरिफ युद्ध का शिकार बनते चीन के वस्त्र उद्योग के मजदूर

/teriff-war-ka-shikaar-banate-china-ke-vastra-udhyoga-ke-majdoor

चीन का वस्त्र व परिधान उद्योग अमेरिका द्वारा चीन पर थोपे गये भारी तटकर से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इसका प्रभाव इस क्षेत्र के मजदूरों पर पड़ना शुरू भी हो गया है। 
    
चीन वैश्विक परिधान उत्पादन में दुनिया में अग्रणी देश है। वैश्विक परिधान निर्यात का    31.6 प्रतिशत चीन से होता है। 300 अरब डालर का यह चीनी उद्योग लगभग 1.5 करोड़ मजदूरों (जिसमें अधिकांश महिला मजदूर हैं) की रोजी-रोटी का जरिया है। इस क्षेत्र में कम मजदूरी पर बेहद कम सामाजिक सुरक्षा के साथ महिला मजदूर आम मजदूरों से ज्यादा घण्टे काम कर अपना जीवन बसर करती रही हैं। अब नये तटकरों की घोषणा के साथ पश्चिमी नामी ब्रांड पीछे हट रहे हैं व उनके आर्डर कम हो रहे हैं तब इसका खामियाजा इन महिला मजदूरों को उठाना पड़ रहा है। यद्यपि अप्रैल की तटकर घोषणा से पहले से ही चीन से कपड़ा निर्यात में गिरावट देखी जा रही थी पर तटकर घोषणा के बाद तो ढेरों मजदूरों का रोजगार छिनने का खतरा पैदा हो गया है। 
    
अमेरिकी तटकर की मार से बचने के लिए चीनी वस्त्र निर्माता कंपनियां अपने उत्पादन के बड़े हिस्सों को दूसरे देशों में स्थानान्तरित करने को मजबूर हो रही हैं। शेनझोउ इण्टरनेशनल और हुआली इण्डस्ट्रियल ग्रुप सरीखे प्रमुख चीनी वस्त्र निर्माताओं ने काफी उत्पादन वियतनाम, बांग्लादेश और कंबोडिया स्थानांतरित कर दिया है। शेनझोउ इंटरनेशनल, नाइकी व एडिडास कंपनी की प्रमुख आपूर्तिकर्ता है। शेनझोउ इंटरनेशनल के हांगकांग में सूचीबद्ध शेयरों में 14 प्रतिशत की गिरावट आयी है। हुआली ग्रुप नाइकी व एकेचर्स ब्रांड के लिए एथलेटिक जूते बनाता है, इसने अपना उत्पादन वियतनाम स्थानांतरित करने की योजना बनायी है। चीन में इसका उत्पादन कम होने से झोंगशान में इसकी एक फैक्टरी के 80 प्रतिशत कर्मचारियों पर नौकरी खोने का खतरा पैदा हो गया है। 
    
चीनी परिधान उद्योग में अप्रैल माह में कारखाने बंद होने व छंटनी के मामलों में उछाल दर्ज किया गया है। मई माह में ये संख्यायें और बढ़ने का अनुमान लगाया जा रहा है। कारखाने बंदी का शिकार ज्यादातर छोटी-छोटी फैक्टरियां हो रही हैं पर बड़ी फैक्टरियों पर भी इसका खतरा मंडरा रहा है। ढेरों फैक्टरियों में मजदूरों का वेतन भुगतान रुका हुआ है। मजदूरों की बगैर किसी पूर्व चेतावनी के अचानक छंटनी की घटनायें तेजी से बढ़ी हैं। 
    
गुइझोऊ की एक युवा प्रवासी महिला मजदूर ने अपनी दुर्दशा की एक पोस्ट सोशल मीडिया पर डाली है। यह महिला नौकरी के लिए तटीय झेजियांग प्रांत गयी थी। अप्रैल माह में उसकी फैक्टरी बंद हो गयी और वह बेसहारा हो गयी। अपने अल्प भोजन को फिल्माते हुए वह अपना दुखड़ा सुनाती है कि उसने उस दिन भोजन पर 3 युआन खर्च किये हैं और भविष्य में वह यह भी खरीदने की स्थिति में नहीं होगी। वह बताती है कि वह झेजियांग से अपने इलाके गुइझोऊ जाना चाहती है पर पैसे के अभाव में वो नहीं जा सकती है। अंत में वह पूछती है कि अब वह कहां जाये। 
    
चीन में सामूहिक प्रतिरोध पर सरकारी दमन का खतरा अधिक होने से बेरोजगार मजदूर अपना प्रतिरोध व्यक्तिगत रूप से आनलाइन पोस्टों के जरिये कर रहे हैं। मजदूर प्रतिरोध की ओर इसलिए भी नहीं बढ़ रहे हैं कि वे मालिकों द्वारा खुद पर आये संकट की बातों पर यकीन कर रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि संकट का यह दौर बीतने पर वे फिर से काम पा जायेंगे। मालिकों ने भी चालाकी से अलग-अलग किस्तों में मजदूरों को काम से छुट्टी देने का काम किया है ताकि उन्हें मजदूरों का सामूहिक प्रतिरोध न झेलना पड़े। 
    
पर जितने बड़े पैमाने पर टैरिफ युद्ध से इस क्षेत्र के मजदूरों का जीवन प्रभावित होने की आशंका है उसमें इस बात की पूरी संभावना है कि मजदूर शीघ्र ही स्वतः स्फूर्त सामूहिक संघर्षों की ओर बढ़ेंगे। 
    
नाइकी, एडिडास सरीखे बहुराष्ट्रीय ब्राण्ड जिन्होंने करोड़ों चीनी मजदूरों की मेहनत निचोड़ कर अकूत मुनाफा कमाया, अब बदली परिस्थिति में अपने आर्डर रद्द करने में एक दिन भी देरी नहीं कर रहे हैं। आम चीनी मजदूरों की दुर्दशा के लिए ये मुख्यतः जिम्मेदार हैं। इसके साथ ही अपने मजदूरों को दूध में पड़ी मक्खी की तरह काम से निकालने वाले चीनी उत्पादक भी उतने ही दोषी हैं। दुनिया में चीन को फिर से महान बनाने का दम्भ भरने वाले साम्राज्यवादी चीनी शासक मजदूरों के लिए पैदा हुई इस विपरीत परिस्थिति में उन्हें नाम मात्र की सामाजिक सुरक्षा भी देने को तैयार नहीं हैं। 
    
उदारीकरण-निजीकरण-वैश्वीकरण की प्रक्रिया ने मजदूरों की कार्य परिस्थितियों-सुविधाओं को बुरे ढंग से प्रभावित किया। अब जब टैरिफ युद्ध के जरिये इस प्रक्रिया के उलट नीतियां अपनायी जा रही हैं तो उसका खामियाजा भी मजदूर वर्ग को ही भुगतना पड़ रहा है। 

आलेख

/ceasefire-kaisa-kisake-beech-aur-kab-tak

भारत और पाकिस्तान के इन चार दिनों के युद्ध की कीमत भारत और पाकिस्तान के आम मजदूरों-मेहनतकशों को चुकानी पड़ी। कई निर्दोष नागरिक पहले पहलगाम के आतंकी हमले में मारे गये और फिर इस युद्ध के कारण मारे गये। कई सिपाही-अफसर भी दोनों ओर से मारे गये। ये भी आम मेहनतकशों के ही बेटे होते हैं। दोनों ही देशों के नेताओं, पूंजीपतियों, व्यापारियों आदि के बेटे-बेटियां या तो देश के भीतर या फिर विदेशों में मौज मारते हैं। वहां आम मजदूरों-मेहनतकशों के बेटे फौज में भर्ती होकर इस तरह की लड़ाईयों में मारे जाते हैं।

/terrosim-ki-raajniti-aur-rajniti-ka-terror

आज आम लोगों द्वारा आतंकवाद को जिस रूप में देखा जाता है वह मुख्यतः बीसवीं सदी के उत्तरार्द्ध की परिघटना है यानी आतंकवादियों द्वारा आम जनता को निशाना बनाया जाना। आतंकवाद का मूल चरित्र वही रहता है यानी आतंक के जरिए अपना राजनीतिक लक्ष्य हासिल करना। पर अब राज्य सत्ता के लोगों के बदले आम जनता को निशाना बनाया जाने लगता है जिससे समाज में दहशत कायम हो और राज्यसत्ता पर दबाव बने। राज्यसत्ता के बदले आम जनता को निशाना बनाना हमेशा ज्यादा आसान होता है।

/modi-government-fake-war-aur-ceasefire

युद्ध विराम के बाद अब भारत और पाकिस्तान दोनों के शासक अपनी-अपनी सफलता के और दूसरे को नुकसान पहुंचाने के दावे करने लगे। यही नहीं, सर्वदलीय बैठकों से गायब रहे मोदी, फिर राष्ट्र के संबोधन के जरिए अपनी साख को वापस कायम करने की मुहिम में जुट गए। भाजपाई-संघी अब भगवा झंडे को बगल में छुपाकर, तिरंगे झंडे के तले अपनी असफलताओं पर पर्दा डालने के लिए ‘पाकिस्तान को सबक सिखा दिया’ का अभियान चलाएंगे।

/fasism-ke-against-yuddha-ke-vijay-ke-80-years-aur-fasism-ubhaar

हकीकत यह है कि फासीवाद की पराजय के बाद अमरीकी साम्राज्यवादियों और अन्य यूरोपीय साम्राज्यवादियों ने फासीवादियों को शरण दी थी, उन्हें पाला पोसा था और फासीवादी विचारधारा को बनाये रखने और उनका इस्तेमाल करने में सक्रिय भूमिका निभायी थी। आज जब हम यूक्रेन में बंडेरा के अनुयायियों को मौजूदा जेलेन्स्की की सत्ता के इर्द गिर्द ताकतवर रूप में देखते हैं और उनका अमरीका और कनाडा सहित पश्चिमी यूरोप में स्वागत देखते हैं तो इनका फासीवाद के पोषक के रूप में चरित्र स्पष्ट हो जाता है। 

/jamiya-jnu-se-harward-tak

अमेरिका में इस समय यह जो हो रहा है वह भारत में पिछले 10 साल से चल रहे विश्वविद्यालय विरोधी अभियान की एक तरह से पुनरावृत्ति है। कहा जा सकता है कि इस मामले में भारत जैसे पिछड़े देश ने अमेरिका जैसे विकसित और आज दुनिया के सबसे ताकतवर देश को रास्ता दिखाया। भारत किसी और मामले में विश्व गुरू बना हो या ना बना हो, पर इस मामले में वह साम्राज्यवादी अमेरिका का गुरू जरूर बन गया है। डोनाल्ड ट्रम्प अपने मित्र मोदी के योग्य शिष्य बन गए।