बलिया-देवरिया/ इजरायल द्वारा गाजा में फिलिस्तीनी जनता का कत्लेआम लम्बे वक्त से जारी है। इस कत्लेआम के खिलाफ जहां दुनिया भर की जनता का आक्रोश बढ़ रहा है वहीं दुनिया भर के शासक बयानबाजी से आगे बढ़कर इस कत्लेआम को रोकने के लिए कुछ करने को तैयार नहीं हैं। अमेरिकी साम्राज्यवादियों की शह पर इजरायली शासक बेखौफ हो बहादुर फिलिस्तीनी जनता का कत्लेआम जारी रखे है। उनका इरादा समूचे फिलिस्तीन को ही हड़प जाने का है।
बलिया में क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के बैनर तले इजरायली नरसंहार के विरोध में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में भारत सरकार से इजरायल से नाता तोड़ने व इजरायली शासकों पर कत्लेआम बंद करने की मांग की गयी।
इसी तरह देवरिया में भी क्रालोस के बैनर तले इजरायली नरसंहार के विरोध में प्रदर्शन किया गया। -बलिया संवाददाता