‘‘राष्ट्रवाद बदमाशों की अंतिम शरणस्थली है’’- सैमुअल जाॅनसन ने यह बात आज से ढाई सौ साल पहले 1775 में कही थी। यह बात आज संघी-भाजपाई हिन्दू फासीवादियों पर सटीक बैठती है। भारत के हिन्दू फासीवादी राष्ट्रवाद के पीछे छिपकर अपना कुचक्र चला रहे हैं। राष्ट्रीय प्रतीक चिन्ह तिरंगे का फासीवादियों द्वारा इस्तेमाल इसका एक उदाहरण है। धार्मिक जुलूसों से लेकर साम्प्रदायिक उन्मादी माहौल पैदा करने में तिरंगे का इस्तेमाल आम बात बन गयी है। लेकिन जब मोदी सरकार विरोधी भी प्रदर्शनों में तिरंगा लहराने लगे तो फासीवादियों के पेट में मरोड़ उठ रही है। संघी फासीवादी तिरंगे का इस्तेमाल सिर्फ साम्प्रदायिक उन्माद, अंधराष्ट्रवाद के लिए करना चाहते हैं।
जैसा कि विदित है, भाजपा के मातृ संगठन संघ ने न तो आजादी से पहले और न ही आजादी के बाद लम्बे समय तक तिरंगे को अपनाया था। वह अपने भगवा झंडे को ही राष्ट्रीय झंडे की मान्यता दिलाना चाहता था। संघ के मुखपत्र ‘आॅर्गनाइजर’ ने तिरंगे को ‘तीन रंगों’ का अशुभ नम्बर कहा, तो इसके सर संघ संचालक गोलवलकर ने इसे ‘नकल’ कहा। भारत में सबसे पहले हिन्दू राष्ट्र की बात कहने वाले सावरकर ने भी तिरंगे के स्थान पर भगवा झंडे की वकालत की थी। ये सभी भगवा रंग को हिन्दू धर्म से जोड़कर देखते थे। ये एक धर्म और उसके आधार पर एक देश यानी हिन्दू राष्ट्र के हिमायती थे।
गौरतलब है गांधी की हत्या के बाद संघ पर प्रतिबंध लगा था। प्रतिबंध हटाने की शर्त में संविधान और राष्ट्रीय झंडे के प्रति निष्ठा की घोषणा संघ को करनी पड़ी थी। जिस कारण ही 26 जनवरी 1950 के दिन संघ ने नागपुर मुख्यालय पर तिरंगा फहराया था। लेकिन इसके बाद 52 साल तक मुख्यालय पर झंडा नहीं फहराया गया(यदा कदा छोड़कर)। 2001 में कुछ युवकों ने नागपुर मुख्यालय पर जबरन झंडा लगाया तो संघ द्वारा इन पर मुकदमा दर्ज करवाया गया।
जब पूरे देश द्वारा तिरंगे को अपना लिया गया तब संघ को लगने लगा कि इससे इंकार करना कोई समझदारी की बात नहीं रह गयी थी। बल्कि अब तो समझदारी इसे अपने हित में इस्तेमाल करने में थी। अंततः वर्ष 2002 से संघ ने तिरंगे को अधिकारिक तौर पर फहराना शुरू किया। इनके सर संघचालक मोहन भागवत ने किसी महाधूर्त की तरह कहा- ‘संघ शुरू से ही तिरंगे का सम्मान करता रहा है’। इस धूर्तता का भी कारण था क्योंकि अब संघ सत्ता के गलियारों में अपनी पकड़ मजबूत बना रहा था। 1999-2004 में अटल बिहारी वाजपेयी की पूर्ण कार्यकाल की सरकार रही। अब संघ तिरंगे को अपने भगवा झंडे की तरह इस्तेमाल करने की राह को सुगम बनाने के प्रयास में लग गया।
2002 में झंडे को लेकर बने पुराने नियमों में बदलाव किया गया। अब आम नागरिक, निजी संगठन, शैक्षिक संस्थानों में किसी भी दिन तिरंगा फहरा सकते थे। पहले खास दिनों (15 अगस्त, 26 जनवरी, 2 अक्टूबर) में ही सिर्फ सरकारी इमारतों पर झंडा फहराया जा सकता था।
समय और बदला। 2014 में मोदी केन्द्र की सत्ता पर काबिज हुए। अब फासीवादी दानव अपने असली रूप में सामने आने लगा। अंग्रेजों के मुखबिर सबसे बड़े देशभक्त बन गये और ये देश की जनता से देशभक्ति का सबूत मांगने लगे। हिन्दू फासीवादियों ने देशभक्ति, राष्ट्रवाद के मायने ही बदल दिये। ये हिन्दुत्व को राष्ट्रवाद का पर्यायवाची बनाते चले गये। संघ-भाजपा ने सारे राष्ट्रीय प्रतीकों को अपने हिन्दू राष्ट्र की परियोजना की सेवा में लगा दिया। क्या राष्ट्रगान, क्या तिरंगा सभी से साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण किया जाने लगा। मोदी सरकार इसकी सभी बाधाओं को एक एक कर हटाने लगी।
मोदी सरकार द्वारा 30 दिसम्बर 2021 में मशीन द्वारा पोलिस्टर झंडे झापने की अनुमति दे दी गयी। अब 20-30 रुपये में तिरंगे हर कहीं उपलब्ध थे। 20 जुलाई 2022 को तिरंगा फहराने की हर बाधा को खत्म कर दिया गया। अब किसी भी निजी घर, समारोह पर रात-दिन तिरंगा फहराया जा सकता है। मोदी सरकार द्वारा आजादी के ‘‘अमृतकाल’’ का महाउत्सव मनाते हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया गया। यह अभियान साल दर साल चल रहा है।
संघ-भाजपा की इन कारगुजारियों से तिरंगा भगवा झंडे के साथ घुल-मिल गया है। हर धार्मिक जुलूस (कांवड़ यात्रा, गणेश विर्सजन, हनुमान जयंती आदि) में भगवे के साथ तिरंगा लहराने लगा है। धार्मिक जुलूसों में भड़काऊ साम्प्रदायिक गानों-नारों यहां तक कि साम्प्रदायिक दंगों तक में भगवा झंडे के साथ तिरंगा लहराना आम होता जा रहा है।
26 जनवरी 2018 को कासगंज (उत्तर प्रदेश) में गणतंत्र दिवस पर विश्व हिन्दू परिषद और एबीवीपी द्वारा तिरंगा लेकर एक उकसावेपूर्ण जुलूस निकाला गया जिसके बाद एक 22 वर्षीय युवक चंदन की मौत हो गयी। इसके बाद पूरे इलाके में साम्प्रदायिक दंगे हुए। कई दिनों तक कफ्र्यू लगा रहा, दुकानें, घर जलाये गये। इसी तरह से 2022 में शिवमोगा (कनार्टक), 2023 में कोटा (राजस्थान), 2024 में बरेली व बदायंू (उत्तर प्रदेश) में 15 अगस्त के दिन साम्प्रदायिक घटनाएं घटीं। तिरंगा और राष्ट्रीय पर्व भी अब साम्प्रदायिक तौर पर संवेदनशील दिवस बन गये हैं। इन दिनों में भी अब प्रशासन को विशेष तैयारी, चैकसी करनी होती है।
इस तरह तिरंगे से संघ-भाजपा द्वारा वह हासिल कर लिया गया जो वे भगवा झंडा लहराकर हासिल करना चाहते थे।
अक्सर चीजें हूबहू वैसी नहीं होतीं जैसा फासीवादी चाहते हैं। जिस बड़े पत्थर से वो अल्पसंख्यकों को कुचलना चाहते थे उसी पत्थर के नीचे फासीवादी खुद दबे जा रहे हैं।
पिछले दिनों मोदी के कुशासन से त्रस्त युवाओं-मेहनतकशों के आंदोलन फूटे। इन आंदोलनों में सरकार की जवाबदेही, सिकुड़ते जनवाद और अपारदर्शी चुनाव प्रक्रिया को निशाना बनाया गया। इन आंदोलनों में प्रदर्शनकारियों द्वारा तिरंगे का भरपूर इस्तेमाल किया गया। तिरंगे के इस तरह के इस्तेमाल से मोदी सरकार बेहद असहज हो गयी। पुलिस प्रशासन कई जगह प्रदर्शनकारियों से तिरंगा छीनते हुए दिखी तो कहीं तिरंगे का अपमान करते हुए दिखी। जंतर-मंतर दिल्ली में तिरंगा फहराने के जुर्म में पुलिस द्वारा काकरोच जनता पार्टी के 5 लोगों को जेल भेज दिया गया। इसके बाद कनाट प्लेस में ‘‘लहरा दो तिरंगा’’ मार्च को अनुमति नहीं दी गयी। इस दौरान भी 100 से अधिक प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया। बीकानेर के एक हाॅल में लगने वाली फोटो प्रदर्शनी में से हालिया आंदोलन के साथ-साथ तिरंगे की तस्वीरों को भी फासीवादी ढंग से हटवा दिया गया। इसी तरह तिरंगा लेकर किसानों की रैलियों और अन्य विरोध प्रदर्शनों को भी रोका जा रहा है।
स्पष्ट है, तिरंगा यदि संघ के भगवा झंडे के विकल्प के तौर पर इस्तेमाल हो तो उन्हें कोई समस्या नहीं लेकिन तिरंगा जब प्रदर्शन, आंदोलनों में इस्तेमाल हो तो उन्हें भारी समस्या है।
संघ-भाजपा को तिरंगे के इस रूप से क्यों दिक्कत है जबकि दुनिया के कई देशों के झंडे तीन रंग से बने हुए हैं। थोड़ा इतिहास में झांकते हैं। 16वीं सदी के अंत में नीदरलैंड ने स्पेन से खुद को आजाद करवाया। इस समय नीदरलैंड का झंडा तीन रंगों से बना था। नीदरलैंड की आजादी गणतंत्र व स्वतंत्रता का प्रतीक बनी थी। इसके बाद 1789 फ्रांस की महान पूंजीवादी जनवादी क्रांति में तीन रंग के झंडे का इस्तेमाल हुआ। फ्रांसीसी क्रांति का नारा स्वतंत्रता-समानता-भ्रातृत्व का था। क्रांतिकारी संघर्ष और विजय सामंतवाद के खिलाफ गणतंत्र की विजय का प्रतीक बना। इसी वजह से 19वीं सदी में यूरोप और दुनिया में जहां भी कोई देश राजशाही से आजाद हुआ या क्रांति हुई उसने अक्सर तीन रंग का झंडा अपनाया। हालांकि हर देश ने अपनी विशिष्टता में रंग की अलग-अलग व्यख्या की है।
इस कारण ही संघ-भाजपा को तिरंगे से दिक्कत है। हिन्दू फासीवादियों के लिए स्वतंत्रता-समानता-भ्रातृत्व का कोई मोल नहीं है। उल्टे वे तो इसे जितनी जल्दी हो खत्म कर देना चाहते हैं। पूंजीवादी लोकतंत्र में मिली नाम मात्र की स्वतंत्रता भी उन्हंे मंजूर नही है। पूंजीवाद के लोकतांत्रिक रूप में स्वतंत्रता-समानता-भ्रातृत्व आम जन के लिए कागजी रही है। महंगी गाड़ियों के शीशे के बाहर तिरंगा बेचते गरीब बच्चों की तस्वीरें इनकी समानता की पोल खोल देती हैं। मजदूर गरीबों के जीवन को देखकर पूंजीवादी स्वतंत्रता की सारी कलई खुल जाती है। लेकिन हिन्दू फासीवादियों ने न समानता की बात कही न गरीब मजदूरों की बात कही। उसने तो पूंजीवादी बुराईयों को और कई गुना बढ़ा दिया है। आम जनता की समस्याओं को हल करने की लफ्फाजी करते हुए उसने एक बड़ी आबादी को धर्म के नाम पर उन्मादी ही बनाया है। उसने मेहनतकशों की स्वभाविक एकता को तार-तार करने की भरपूर कोशिशें की हैं। इसी तरह से संघ-भाजपा ने पूंजीवादी धन पिस्सूओं की सेवा की है। पिस्सूओं के डंक को और मजबूत किया है ताकि वे और अधिक मजदूर-मेहनतकशों का खून चूस सकें। यही संघ-भाजपा का हिन्दू राष्ट्र का पथ है।