मोदी सरकार ने मजदूर विरोधी लेबर कोड्स लागू करने से पहले जिस तरह से न्यूनतम वेतन, ओवरटाइम दुगुना और बोनस को देने के लिए अखबार, टीवी चैनलों और सोशल मीडिया के माध्यम से जो प्रचार किया गया था उसकी असली हकीकत तब मजदूरों को समझ आई जब वे न्यूनतम वेतनमान लागू कराने व बोनस के लिए सड़कों पर उतरे। कई राज्यों में लाखों मजदूरों ने इसके लिए अपनी आवाजें उठाईं और सत्ता का दमन भी झेला।
* हरियाणा
पानीपत के रिफाइनरी के मजदूरों ने सबसे पहले फरवरी के महीने में न्यूनतम वेतन बढ़ाने के संघर्ष की शुरूआत की थी और बोनस के लिए भी इन मजदूरों ने काम बंद कर मैनेजमेंट के वायदों को याद दिलाते हुए बोनस 5100 रु. की मांग की। 1 नवम्बर से 3 नवम्बर तक संघर्ष करते रहे लेकिन प्रबंधक वर्ग से कोरा आश्वासन ही मिला।
मानेसर के नील मेटल्स (JBM group) में 3 नवम्बर को मजदूरों ने बोनस की मांग को लेकर काम बंद कर कम्पनी गेट पर प्रदर्शन किया।
फरीदाबाद के सेक्टर 58 में ध्रुव ग्लोबल जो वस्त्र निर्माण की कम्पनी है, में 6 नवम्बर को मजदूरों ने बोनस न मिलने पर रोष व्यक्त किया। मजदूरों का कहना था कि यहां पर हेल्पर और चेकर को बोनस तो मिला लेकिन सिलाई आपरेटरों को बोनस नहीं मिला। मिठाई के लिए महज 250 रुपये मिले।
फरीदाबाद में पी एमप्रो कम्पनी के मजदूरों ने भी 4-5 नवम्बर को बोनस के लिए काम बंद कर दिया। इसके चार प्लांट हैं। इनमें ज्यादातर महिला मजदूर कार्यरत हैं। इसमें कपड़ा सिलाई का काम होता है। स्थायी मजदूरों की संख्या बहुत ही कम है। पीस रेट पर ज्यादातर काम होता है।
फरीदाबाद के सेक्टर 28 के टायल कम्पनी में 6 नवम्बर को मजदूरों ने बोनस की मांग की। वहां पर गार्ड और कम्पनी प्रबन्धकों ने मजदूरों के साथ मारपीट की। मजदूरों ने भी इसका मुंहतोड़ जबाव दिया।
* हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में स्थित बद्दी के स्टील वर्ड कम्पनी के मजदूर 5 नवम्बर को वेतन वृद्धि और बोनस के लिए दो-तीन दिन संघर्षरत रहे।
बद्दी में जूता निर्माण कैम्पस कम्पनी में 6 नवम्बर को वेतन वृद्धि और समय से वेतन मिलने और दिवाली पर बोनस के लिए तीन-चार दिनों तक संघर्ष किया। मैनेजमेंट और कम्पनी के गार्डों द्वारा मजदूरों को धमकाने पर गुस्साये मजदूरों ने कम्पनी पर पथराव किया।
* दिल्ली में नामी गिरामी अस्पताल मैक्स के कर्मचारियों ने 6 नवम्बर को बोनस और वेतन के संघर्ष के लिए किया। सफाई और हाऊस कीपिंग के कर्मचारियों का आरोप था कि न तो उन्हें बोनस दिया जा रहा है न ही वेतन मिला है। पिछले महीने हमारे वेतन को कम कर दिया गया है। और त्यौहारों में भी हमसे काम कराया जाता है। उसका अतिरिक्त पैसा भी नहीं मिलता है।
* उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश के नोएडा औद्योगिक क्षेत्रों में बोनस के लिए कई कम्पनियों के मजदूर सड़कों पर उतरे और काम बंद कर प्रदर्शन किया।
मोबाईल कम्पनी ओपो और वीबो में हजारों की संख्या में 3 नवम्बर को मजदूरों ने बोनस के लिए कम्पनी परिसर के ग्राऊंड में प्रदर्शन किया।
बीपीएल कम्पनी में 2-3 नवम्बर को बोनस और वेतन के लिए मजदूरों का रोष दिखाई दिया।
* उत्तराखंड
उत्तराखंड के पंतनगर सिडकुल में एलजीबी कम्पनी जो वाहनों के लिए पार्ट्स बनाती है, में भी 27 अक्टूबर को बोनस न मिलने पर मजदूरों ने नाराजगी जतायी है और मैनेजमेंट के खिलाफ नारेबाजी की।
पंतनगर सिडकुल में ही परफैटी कम्पनी में सफाईकर्मियों ने 5 नवम्बर को बोनस और वेतन के लिए कम्पनी के बाहर प्रदर्शन किया। मैनेजमेंट ने उनको धमकाते हुए कहा कि तुम्हारी दिवाली फीकी करवा दूंगा। पुलिस बुलाने की भी धमकियां दीं। उसके बाद मजदूरों ने श्रम विभाग पर जाकर प्रदर्शन किया।
रुदपुर सिडकुल के मंत्री मैटेलिक कम्पनी में भी 1-2 नवम्बर को बोनस व वेतन के लिए मजदूर काम बंद कर कम्पनी गेट पर जमा हो गये। मजदूरों का कहना था कि वे पिछले साल से ही बोनस देने के लिए मांग कर रहे हैं। मैनेजमेंट ने उस समय बोला कि अगले दिवाली पर हम पक्का बोनस देगें लेकिन अभी बोनस के लिए मैनेजमेंट कुछ नहीं बोल रहा है और उल्टे हम सभी को धमका रहा है कि काम से निकाल देंगे।
* तमिलनाडु के डिंडीगुल में साहाना कम्पनी की महिला मजदूरों ने 3 नवम्बर को बोनस के लिए हड़ताल की।
* दमन के आट्यावाड़ में भीम-3 गारमेंट कम्पनी में 31 अक्टूबर से 5 नवम्बर के मध्य महिला मजदूरों ने बोनस की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
-एक ट्रेड यूनियन कार्यकर्ता