हिन्दू फासीवादियों की आने वाली फिल्म

देश के संघी प्रधानमंत्री ने खुलेआम मंच से घोषित कर दिया है कि उनका दस साल का शासन तो महज फिल्म का ट्रेलर था, असल फिल्म तो अभी आने वाली है। यह फिल्म कब आयेगी, लोक सभा के वर्तमान चुनावों के बाद जिसमें भाजपा को 370 से ऊपर तथा राजग को 400 से ज्यादा सीटें मिलेंगीं। 
    
मोदी की इस घोषणा के बाद ही चारों ओर दहशत फैल गई। लोग भयभीत हो गये कि यदि ट्रेलर ऐसा है तो फिल्म कैसी होगी? क्या सभी पढ़े-लिखे नौजवान बेरोजगार रह जायेंगे? क्या सरकारी भर्तियां बिल्कुल बंद हो जायेंगी? क्या सारी सरकारी कंपनियां और बैंक बिना किसी दाम के अंबानी-अडाणी या टाटा-बिड़ला को सौंप दिये जायेंगे? क्या बैंकों में जमा लोगों का पैसा पूंजीपतियों को दे दिया जायेगा? क्या सारी राहत केवल पूंजीपतियों को मिलेगी? क्या किसानों की जमीनें जबर्दस्ती छीन ली जायेंगी? क्या सभी मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी भी मिलनी बंद हो जायेगी? क्या अस्सी करोड़ के बदले एक सौ तीस करोड़ लोग पांच किलो मुफ्त राशन पर जिन्दा रहेंगे?
    
कुछ ज्यादा राजनीतिक लोगों में यह आशंका घर कर गयी कि मोदी एण्ड कंपनी संविधान बदलना चाहती है। यह आशंका होना वाजिब भी है। संघ परिवार की हमेशा से ऐसी मंशा रही है। पिछले कुछ सालों में तो अक्सर ही ऐसी बातें भाजपाई नेताओं के मुंह से निकलती रही हैं। यहां तक कि एक सरकारी सलाहकार ने भी ऐसी बात कह डाली। 
    
संघ परिवार तथा मोदी सरकार के पिछले दस साल के रिकार्ड को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि उपरोक्त भय और आशंका निराधार नहीं हैं। उनमें दम है। लेकिन बात इससे भी बड़ी है। 
    
पिछले दिनों यह बहस होती रही है कि मोदी शासन काल को कैसे परिभाषित किया जाये? उदारवादी दायरों में इसे ‘चुनावी एकतंत्र’, ‘सीमित जनतंत्र’ इत्यादि कहा जाता रहा है। वाम-उदारवादी कभी-कभी फासीवाद शब्द का भी उच्चारण करते रहे हैं हालांकि ज्यादातर नहीं मानते कि मोदी शासन फासीवादी शासन है। क्रांतिकारी दायरों में कभी-कभी छिटपुट बातें होती हैं कि वर्तमान मोदी शासन को फासीवादी शासन कहा जाना चाहिए। 
    
अब ऐसा लगता है कि मोदी ने स्वयं ही इस बहस में हस्तक्षेप किया है। उन्होंने स्वयं ही अपनी ओर से मामले को स्पष्ट करने की कोशिश की है। अपने दस साल के शासन को आने वाली फिल्म का ट्रेलर घोषित कर उन्होंने बता दिया है कि उनका असल इरादा फासीवादी निजाम कायम करने का है पर अभी वह निजाम नहीं है। अभी बस उस निजाम की झलकियां हैं। 
    
सच्चाई भी यही है। मोदी का दस साल का शासन फासीवादी निजाम का शासन नहीं है। फासीवादी या ज्यादा सही कहें तो हिन्दू फासीवादी पिछले दस साल से सत्ता में हैं। वे केन्द्र की सत्ता पर काबिज हैं तो साथ ही ज्यादातर प्रदेशों की सत्ता पर भी। तब भी देश में फासीवादी निजाम नहीं है। देश में फासीवादी निजाम को लेकर होने वाली बहस ही यह दिखाती है कि यह फासीवादी निजाम नहीं है। किसी भी फासीवादी निजाम में यह बहस नहीं हो सकती। जब तक किसी व्यक्ति के मुंह पर कहा जा सकता है कि तुम तानाशाह हो तब तक असल में वह तानाशाह नहीं होता। असल तानाशाह को उसके मुंह पर तानाशाह कहने की गुंजाइश खत्म हो जाती है। 
    
लेकिन देश में फासीवादी निजाम न होने पर भी यह तथ्य है कि हिन्दू फासीवादी सत्ता में हैं और उन्होंने पिछले दस सालों में फासीवादी निजाम की तमाम झलकियां दिखाई हैं। इन झलकियों की एक लम्बी फेहरिस्त है। हिन्दू फासीवादियों की फिल्म का ट्रेलर कुछ ज्यादा ही लम्बा हो गया है। या कहा जा सकता है कि चूंकि फिल्म दिखाने की स्थितियां अनुकूल नहीं हो पा रही हैं, इसलिए ट्रेलर ही बार-बार दिखाया जा रहा है। 
    
पर इसमें दो राय नहीं कि हिन्दू फासीवादी अपनी असल फिल्म या फासीवादी निजाम की फिल्म दिखाना चाहते हैं। वे सौ साल से इंतजार कर-कर थक चुके हैं। उन्हें लगता है कि अब नहीं तो कभी नहीं। इसीलिए हिन्दू फासीवादियों की वर्तमान घोषणा को पूरी गंभीरता से लिया जाना चाहिए। 

आलेख

/uddharak-ideology-ki-talaas

इस मजदूर आंदोलन की विचारधारा मार्क्सवाद का यह स्पष्ट कहना था कि महान फ्रांसीसी क्रांति के जमाने से ही पूंजीपति वर्ग ने अपने समाज के लिए जो आदर्श घोषित कर रखा है- स्वतंत्रता, समता, बंधुत्व का आदर्श- वह पूंजीवाद की निजी सम्पत्ति के कारण कभी भी हासिल नहीं किया जा सकता। पूंजी के रूप में निजी सम्पत्ति के रहते स्वतंत्रता का मतलब होगा बाजार में खरीद-बेच की स्वतंत्रता, समता का मतलब होगा बाजार में खरीददार व विक्रेता की समता तथा बंधुत्व का मतलब होगा खरीद-बेच की व्यवस्था पर सहमति।

/war-and-diplomacy-uthal-puthal-se-bhari-duniyaa

गाजापट्टी में इजरायल की कत्लेआम करने की मुहिम जारी है। इजरायली यहूदी नस्लवादी न तो किसी समझौते को मान रहे हैं और न ही वे अपनी विनाश लीला को रोक रहे हैं। वे नस्लीय सफाये की मुहिम चला रहे हैं। इसके जवाब में हमास और अन्य प्रतिरोध संगठन इजरायली कब्जाकारी सेना पर प्रहार कर रहे हैं। 

/amerika-ka-iran-par-operation-d-day-hatasha-ka-parinam

अपने व्यापक नुकसान को देखते हुए अमरीकी साम्राज्यवादियों ने अप्रैल महीने में युद्ध विराम किया और फिर पाकिस्तान की मध्यस्थता में एक ज्ञापन समझौता किया। इस ज्ञापन समझौते में अधिकांशतः ईरान की मांगें स्वीकार की गयीं। यह वस्तुतः अमरीका की पराजय थी। इस समझौते के थोड़े ही दिनों बाद अमरीका ने इसका उल्लंघन शुरू कर दिया। इजरायल ने एक भी दिन इस समझौते को नहीं माना।

/education-and-emplyoment-dasha-aur-durdasha

भारत की शिक्षा व्यवस्था में एक अजीबोगरीब विरोधाभास नजर आता है। एक ओर उच्च शिक्षा में आई आई टी, एम्स और आई आई एम जैसे सरकारी संस्थान हैं जो क्रमशः इंजीनियरिंग, चिकित्सा और

/cocoroach-saradar-and-samajvadi-janataantrik-morcha

उदारवादी या वाम-उदारवादी अपनी प्रकृति से ही पूंजीवादी समाज के मूल अंतर्विरोधों को देखने में असमर्थ होते हैं। इसीलिए वे इसकी आम गति को देखने में असमर्थ होते हैं। उनका निजी सम्पत्ति, पैसे, प्रतियोगिता, इत्यादि में दृढ़़ विश्वास होता है। इनके बिना वे किसी समाज की कल्पना नहीं कर पाते। और ठीक इसी कारण वे यह नहीं देख पाते कि भ्रष्टाचार निजी सम्पत्ति, पैसा और प्रतियोगिता का अनिवार्य परिणाम है। कि इस समाज में भ्रष्टाचार को कानूनी वैधता प्रदान की जा सकती है, उसे खत्म नहीं किया जा सकता।