फरीदाबाद/ 26 अगस्त को फरीदाबाद के बीके चैक में, ‘‘फरीदाबाद जन संघर्ष समिति’’ के बैनर तले बढ़ती महंगाई के खिलाफ एक विरोध प्रदर्शन किया गया।
विरोध प्रदर्शन में देश में खाद्य सामग्री के दामों में लगातार होती वृद्धि के खिलाफ फरीदाबाद जन संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों व सदस्यों द्वारा आक्रोश व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने बताया कि एक तरफ तो सरकार द्वारा खाद्य सामग्री के दामों को तेजी से बढ़ाया जा रहा है, लेकिन वहीं दूसरी तरफ मजदूरों-मेहनतकशों के वेतन में नाम मात्र की भी वृद्धि नहीं हो रही है।
खुद सरकार ‘‘वी बी जी ग्राम जी’’ योजना के तहत एक दिन की दिहाड़ी 300 रु. दे रही है। जबकि आज दूध, तेल ,चीनी, आटा, चावल सभी के दाम आसमान छू रहे हैं। ऐसे में लगातार महंगाई का बढ़ते जाना मजदूरों-मेहनतकशों की जीवन की परेशानियों को और भी बढ़ा दे रहा है। उनके सामने पेट भरने का संकट पैदा हो रहा है।
आज देश में बड़ी संख्या प्राइवेट सेक्टर में काम कर रही है। फैक्टरी से लेकर स्कूलों, अस्पतालों में मामूली वेतन देकर घंटों काम लिया जा रहा है, लेकिन दूसरी तरफ बाजार में हर सामान की कीमतें आसमान छू रही हैं। ऐसे में जीवन यापन कैसे हो। हर चीज महंगी जबकि इंसान के श्रम का मूल्य बेहद सस्ता बना दिया गया है। इन सब बातों को लेकर विरोध प्रदर्शन में वक्ताओं ने अपना विरोध जाहिर किया। इसके अलावा वर्तमान में चीनी के दामों में जो उछाल आया है वह भी बेहद शर्मनाक है। इस पर भी वक्ताओं ने बताया कि भारत जैसे देश में जहां गन्ना उत्पादन पर्याप्त मात्रा में होता है, अभी तक भारत चीनी निर्यात करने वाले देशों में शामिल था लेकिन आजादी के 80 सालों में पहली बार ऐसा है जब भारत चीनी आयात कर रहा है। वह भी तब जब सत्ता में आत्मनिर्भर भारत का ढोल पीटने वाली सरकार काबिज हो। सभा के दौरान जोशीले गीत गाए गए एवं इंकलाबी मजदूर केंद्र की टीम द्वारा एक लघु नुक्कड़ नाटक भी महंगाई पर पेश किया गया।
प्रदर्शन में फरीदाबाद जन संघर्ष समिति के घटक संगठनों इंकलाबी मजदूर केन्द्र, भोजपुरी अवधी समाज, सैनी शाक्य मौर्य कुशवाहा मोर्चा, प्रवासी बी ग्रेड, हिंद मजदूर सभा के कार्यकर्ता व कई अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं व मजदूरों ने हिस्सा लिया।
-फरीदाबाद संवाददाता