6 नवम्बर को होगा सामूहिक उपवास
रामनगर (उत्तराखंड) में विभिन्न सामाजिक-राजनीतिक संगठनों एवं जागरूक नागरिकों की बैठक में छोई व बैलपड़ाव में मॉब लिंचिंग के प्रयास के मुख्य आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग के साथ आंदोलन को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है। स्थानीय व्यापार मंडल कार्यालय में 31 अक्टूबर को संपन्न हुई इस बैठक में तय हुआ कि अब 6 नवम्बर को तहसील परिसर में एक दिवसीय सामूहिक उपवास किया जायेगा।
बैठक में वक्ताओं ने इस पर अपना आक्रोश व्यक्त किया कि 23 अक्टूबर की छोई व बैलपड़ाव की मॉब लिंचिंग के प्रयास की घटना को एक सप्ताह से अधिक का समय बीत चुका है लेकिन अभी तक भी इस संगीन अपराध के मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। हालांकि, इस प्रकरण में पुलिस द्वारा 2 लोगों को गिरफ्तार किये जाने का वक्ताओं ने स्वागत भी किया।
वक्ताओं ने इस मामले में 29 अक्टूबर को उत्तराखंड उच्च न्यायालय में हुई सुनवाई के दौरान उच्च न्यायालय द्वारा दिये गये निर्देश कि वह मॉब लिंचिंग के प्रयास के इस मामले में तहसीन पूनावाला केस में दिये गये दिशा-निर्देशों का अनुपालन करे, का हवाला देते हुये मांग की कि उच्च न्यायालय के निर्देश के अनुरूप तत्काल तहसीन पूनावाला केस के दिशा-निर्देशों का पालन किया जाये; नोडल अधिकारी की नियुक्ति हो तथा पीड़ित और उसके परिवार को मुआवजा व सुरक्षा प्रदान की जाए।
गौरतलब है कि आपसी भाईचारा कायम करने और लोकतान्त्रिक मूल्यों की रक्षा हेतु जारी इस आंदोलन के दौरान 27 अक्टूबर को मुख्यमंत्री, राज्यपाल व जिले के जिलाधिकारी को ज्ञापन व 29 अक्टूबर को तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन भी किया जा चुका है। आंदोलनकारियों की मांग है कि -
छोई व बैलपड़ाव में मॉब लिंचिंग का प्रयास करने, वाहनों में तोड़-फोड़ करने तथा सामाजिक सौहार्द खराब करने के सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाये।
हेट स्पीच के द्वारा समाज का सौहार्द खराब करने के आरोपी भाजपा नेता मदन जोशी व अन्य के खिलाफ माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुये कानूनी कार्रवाही की जाये।
घायल नासिर का सरकारी खर्च पर पूर्ण इलाज कराया जाये तथा उसे 10 लाख रुपये मुआवजा दिया जाये।
असामाजिक तत्वों द्वारा किसी भी व्यक्ति की आई डी व वाहन इत्यादि चेक करने पर तत्काल सख्ती से रोक लगाई जाये।
बैठक में क्षेत्र की अमन व इंसाफ पसंद जनता का आह्वान किया गया कि वह जाति-धर्म से ऊपर उठकर इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर भागीदारी करे।
बैठक में देश में महिलाओं पर बढ़ रहे यौन अपराधों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुये रामनगर में हुई गैंग रेप की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की गई।
बैठक में समाजवादी लोक मंच के मुनीष कुमार, इंकलाबी मजदूर केंद्र के रोहित रुहेला, महिला एकता मंच की सरस्वती जोशी, प्रगतिशील महिला एकता केंद्र की तुलसी छिम्बाल, उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के मौ. आसिफ; एवं जीशान कुरैशी, जगमोहन रावत, मो. नबी अंसारी, लालमणि, जावेद खान, अबरार हुसैन, दानिश सिद्दीकी, कैसर राणा, अयान, अरहान, समीर अंसारी इत्यादि दर्जनों लोग शामिल रहे।