अखण्ड भारत और मणिपुर हिंसा

नई संसद में मोदी सरकार ने अखण्ड भारत का नक्शा लगवाया है। इस नक्शे के जरिये हिन्दू फासीवादियों ने मानो इस बात का खुलेआम एलान कर दिया है कि उनके फासीवादी हिन्दू राष्ट्र में पाक-अफगानिस्तान से लेकर बांग्लादेश सभी शामिल होंगे। इस नक्शे के जरिये भारत सरकार खुलेआम पड़ोसी राष्ट्रों की सम्प्रभुता पर हमला भी बोल रही है। एक पड़ोसी शासक ने तो इस नक्शे पर आपत्ति भी दर्ज करायी। 
    

हिन्दू फासीवादी चाहते हैं कि भारत का विस्तार अफगानिस्तान तक हो जाये पर ऐसा वे इन देशों की सत्ताओं के साथ किसी सहमति के बजाय जोर-जबर्दस्ती से चाहते हैं। इन्हें पड़ोसी देशों में रहने वाली विभिन्न धर्मों को मानने वाली जनता से कोई मतलब नहीं है। इन्हें तो अपने हिन्दुत्व का डंडा बाकी सारे धर्मों के अनुयाइयों पर चलवाना है। यानी इनका अखण्ड भारत एक ऐसा हिन्दू राष्ट्र होगा जिसमें हिन्दुत्ववादी शासक बाकी सभी धर्मों के लोगों को कुचलेंगे। यह ताकत व बल पर जबर्दस्ती कायम किया जायेगा जिसमें पड़ोसी मुल्कों को दबा-कुचलकर शामिल करवाया जायेगा। 
    

हिन्दू फासीवादियों की इस चाहत का ही कमाल है कि आज भारतीय शासकों के रिश्ते सारे पड़ोसियों से खासे खट्टे हो चुके हैं। ऐसे में पाकिस्तान से तो इनका झगड़ा पहले ही से था। अब श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल आदि भी भारत की जगह चीनी साम्राज्यवाद से रिश्ते मजबूत करने को प्राथमिकता दे रहे हैं। कुल मिलाकर अखण्ड भारत का सपना देखने वाले भारतीय शासकों का द.एशिया में प्रभाव घट रहा है। 
    

इसी तस्वीर का एक दूसरा पहलू भी है। अखण्ड भारत का सपना देखने वालों से भारत में शामिल मणिपुर में छिड़ी जातीय हिंसा पूरी कोशिश के बावजूद नहीं रुक रही है। हिंसा भड़कने के 40 दिन बाद मणिपुर गये अमित शाह का दौरा भी विफल हो चुका है। उनकी बनाई शांति समिति में ढेरों लोग शामिल होने से इंकार कर चुके हैं। कुछेक ने तो यह तक कहा कि सरकार ने उनसे पूछे बगैर उनका नाम शांति समिति में डाल दिया। कुछेक मुख्यमंत्री के समिति में होने के चलते उसका बहिष्कार कर रहे हैं। अमित शाह के जाने के 1 दिन बाद हुई हिंसा में 9 लोग मारे गये हैं। 
    

दरअसल मणिपुर में मैतेई लोगों व कुकी/नागा जनजातियों के बीच छिड़ी इस हिंसा में भड़काने का काम स्वयं भाजपा सरकार ने किया था। उसने मैतेई लोगों को एस टी श्रेणी में डालने की बातें कर कुकी जनजाति को भड़काने का काम किया। गौरतलब है कि मणिपुर के पहाड़ी-जंगली इलाकों में केवल एसटी लोग ही जमीन खरीद सकते हैं। जहां मैतेई लोग खुद को हिन्दू मानते हैं वहीं कुकी जनजाति में बड़ी संख्या ईसाई धर्म मानने वालों की है। ऐसे में भाजपा सरकार ने यहां भी साम्प्रदायिक वैमनस्य का खेल खेलकर दोनों पक्षों को भिड़वाकर अपना आधार मैतेई लोगों में बनाया है। इसी वैमनस्य के दम पर भाजपा चुनाव जीतने की स्थिति में पहुंची। 
    

दरअसल मणिपुर उत्तर पूर्व के अन्य राज्यों की तरह भारत की एक ऐसी उत्पीड़ित राष्ट्रीयता रही है जिसे वहां की जनता की राय के उलट जबरन भारतीय संघ में शामिल किया गया। इस पर कब्जा बनाये रखने के लिए भारी सैन्य बल व अफस्पा लागू किया गया। यहां मौजूद जनजातीय लोग अभी राष्ट्रीयता के स्तर पर विकसित भी नहीं हुए थे कि उन्हें भारतीय संघ में मिला लिया गया। ऐसे में यहां जहां भारतीय राज्य के खिलाफ हिंसक संघर्ष शुरू हुआ वहीं जनजातियों में परस्पर संघर्ष भी मौजूद रहा। भारतीय शासकों ने इन परस्पर संघर्षों का इस्तेमाल राष्ट्रीयता के संघर्षों को कमजोर करने में किया और भारतीय शासक काफी हद तक इसमें सफल भी रहे। 
    

जनजातियों के बीच साम्प्रदायिक संघर्ष जिन्हें भारतीय शासकों ने पाला-पोसा था अब भस्मासुर स्तर तक बढ़ चुका है। भाजपा ने इस संघर्ष को धार्मिक रंग दे और आग लगाने का काम किया है। परिणाम यह हुआ कि आज मणिपुर में मैतेई व कुकी आबादी एक-दूसरे की इस कदर दुश्मन बन चुकी है कि वह कहीं भी एक साथ रहने को तैयार नहीं है। दोनों पक्ष एक दूसरे पर दुश्मनों की तरह हमला बोल हत्यायें कर रहे हैं। मैतेई लोग मणिपुर पुलिस पर भरोसा करते हैं तो कुकी लोग असम रायफल्स व अन्य सैन्य बलों पर। 
    

अखण्ड भारत का सपना देखने वाले हिन्दू फासीवादियों से छोटा सा राज्य मणिपुर तक नहीं संभल रहा है। गृहमंत्री अमित शाह का 4 दिवसीय दौरा, 100 करोड़ का राहत पैकेज, शांति समिति सब कुछ हिंसा रोकने में असफल साबित हो रहे हैं। हिन्दू फासीवादियों की खुद की लगाई आग में निर्दोष मणिपुरी जनता एक-दूसरे के हाथों मारी जा रही है। 

आलेख

/uddharak-ideology-ki-talaas

इस मजदूर आंदोलन की विचारधारा मार्क्सवाद का यह स्पष्ट कहना था कि महान फ्रांसीसी क्रांति के जमाने से ही पूंजीपति वर्ग ने अपने समाज के लिए जो आदर्श घोषित कर रखा है- स्वतंत्रता, समता, बंधुत्व का आदर्श- वह पूंजीवाद की निजी सम्पत्ति के कारण कभी भी हासिल नहीं किया जा सकता। पूंजी के रूप में निजी सम्पत्ति के रहते स्वतंत्रता का मतलब होगा बाजार में खरीद-बेच की स्वतंत्रता, समता का मतलब होगा बाजार में खरीददार व विक्रेता की समता तथा बंधुत्व का मतलब होगा खरीद-बेच की व्यवस्था पर सहमति।

/war-and-diplomacy-uthal-puthal-se-bhari-duniyaa

गाजापट्टी में इजरायल की कत्लेआम करने की मुहिम जारी है। इजरायली यहूदी नस्लवादी न तो किसी समझौते को मान रहे हैं और न ही वे अपनी विनाश लीला को रोक रहे हैं। वे नस्लीय सफाये की मुहिम चला रहे हैं। इसके जवाब में हमास और अन्य प्रतिरोध संगठन इजरायली कब्जाकारी सेना पर प्रहार कर रहे हैं। 

/amerika-ka-iran-par-operation-d-day-hatasha-ka-parinam

अपने व्यापक नुकसान को देखते हुए अमरीकी साम्राज्यवादियों ने अप्रैल महीने में युद्ध विराम किया और फिर पाकिस्तान की मध्यस्थता में एक ज्ञापन समझौता किया। इस ज्ञापन समझौते में अधिकांशतः ईरान की मांगें स्वीकार की गयीं। यह वस्तुतः अमरीका की पराजय थी। इस समझौते के थोड़े ही दिनों बाद अमरीका ने इसका उल्लंघन शुरू कर दिया। इजरायल ने एक भी दिन इस समझौते को नहीं माना।

/education-and-emplyoment-dasha-aur-durdasha

भारत की शिक्षा व्यवस्था में एक अजीबोगरीब विरोधाभास नजर आता है। एक ओर उच्च शिक्षा में आई आई टी, एम्स और आई आई एम जैसे सरकारी संस्थान हैं जो क्रमशः इंजीनियरिंग, चिकित्सा और

/cocoroach-saradar-and-samajvadi-janataantrik-morcha

उदारवादी या वाम-उदारवादी अपनी प्रकृति से ही पूंजीवादी समाज के मूल अंतर्विरोधों को देखने में असमर्थ होते हैं। इसीलिए वे इसकी आम गति को देखने में असमर्थ होते हैं। उनका निजी सम्पत्ति, पैसे, प्रतियोगिता, इत्यादि में दृढ़़ विश्वास होता है। इनके बिना वे किसी समाज की कल्पना नहीं कर पाते। और ठीक इसी कारण वे यह नहीं देख पाते कि भ्रष्टाचार निजी सम्पत्ति, पैसा और प्रतियोगिता का अनिवार्य परिणाम है। कि इस समाज में भ्रष्टाचार को कानूनी वैधता प्रदान की जा सकती है, उसे खत्म नहीं किया जा सकता।