बेलसोनिका मजदूरों की क्रमिक भूख हड़ताल जारी

गुड़गांव/ बेलसोनिका प्रबंधन के खिलाफ बेलसोनिका यूनियन का संघर्ष जारी है। बेलसोनिका यूनियन दिनांक 4 मई 2023 से कंपनी गेट पर क्रमिक अनशन पर बैठी हुई है।
    

बेलसोनिका प्रबंधन ने अभी तक 17 श्रमिकों को बर्खास्त तथा 13 श्रमिकों को निलम्बित किया है। बेलसोनिका यूनियन पिछले लगभग 2 सालों से प्रबंधन द्वारा की जा रही छंटनी की साजिश का विरोध कर रही है तथा संघर्ष कर रही है। बेलसोनिका प्रबंधन ने जुलाई 2021 में 22 श्रमिकों को फर्जी दस्तावेजों का हवाला देकर आरोप पत्र थमा दिए थे। उसके बाद प्रबंधन ने 7 श्रमिकों को तथा चार पुराने ठेका श्रमिकों को और फर्जी दस्तावेजों के नाम पर आरोप पत्र दिए। प्रबंधन ने इन सभी श्रमिकों की जांच कार्यवाही कर सेवा बर्खास्तगी के प्रस्ताव सहित द्वितीय कारण बताओ नोटिस जारी किया था जिसमें से प्रबंधन 17 श्रमिकों को बर्खास्त भी कर चुका है।
    

बेलसोनिका यूनियन दिनांक 4 मई 2023 से क्रमिक अनशन पर बैठी हुई है। यूनियन को धरने पर अन्य फैक्टरियों का समर्थन प्राप्त हो रहा है। धरने पर खाने-पीने के जरूरी सामान का इंतजाम बेलसोनिका श्रमिकों द्वारा किया जा रहा है। मारुति के बर्खास्त साथियों की प्रोविजनल कमेटी लगातार मौजूद है। बेलसोनिका यूनियन के श्रमिक शिफ्ट समाप्ति के बाद धरने पर पहुंच रहे हैं तथा प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं। धरने को उठाने के लिए प्रबंधन पुलिस प्रशासन के चक्कर काट रहा है। प्रबंधन धरने को उठाने के लिए श्रम विभाग व पुलिस प्रशासन में शिकायत पत्र लगा चुका है। लेकिन प्रबंधन के पास ऐसा कोई आदेश नहीं है जिससे वह यूनियन के धरने को उठा सके। लेकिन फिर भी प्रबंधन मारुति प्रबंधन का साथ लेकर धरने को उठाना चाह रहा है। 
    

प्रबंधन यूनियन के धरने को उठाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। प्रबंधन ने यूनियन के धरने को उठाने के लिए श्रम विभाग, पुलिस-प्रशासन में शिकायत भी दर्ज कराई है। सहायक श्रम आयुक्त सर्कल-6 ने यूनियन को 11 मई 2023 को प्रबंधन की इस शिकायत पर बुलाया था। यूनियन ने कहा कि यूनियन की मांगों को प्रबंधन स्वीकार करें तो यूनियन धरना उठा सकती है, लेकिन बिना कोई समाधान के यूनियन धरना नहीं उठाएगी। आगे आने वाला समय यूनियन व श्रमिकों के लिए चुनौतीपूर्ण है। प्रबंधन पुलिस प्रशासन की शह पर धरने को उठाने की पुरजोर कोशिश करेगा। बेलसोनिका प्रबंधन ने श्रमिकों को यूनियन के धरने में शामिल ना हो, इसके लिए एक सार्वजनिक नोटिस भी फैक्टरी नोटिस बोर्ड पर लगाया है। प्रबंधन यह सब श्रमिकों को डराने व प्रताड़ित करने के लिए कर रहा है। लेकिन उसके बावजूद भी श्रमिक बिना डरे धरने में शामिल हो रहे हैं तथा प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। 
    

दिनांक 15 मई को सुबह 8 बजे भारी पुलिस बल धरने को उठाने धरना स्थल पर पहुंचा था। लेकिन वह अपनी योजना में सफल नहीं हो सका। यूनियन के दो पदाधिकारी सेक्टर 7 के एसएचओ से मिले। एसएचओ ने यूनियन नेताओं को कहा कि आप कानून एवं व्यवस्था की दिक्कत पैदा नहीं करोगे तो पुलिस आपके धरने पर कोई परेशानी नहीं करेगी। और साथ में यह भी कहा कि अगर अदालत का कोई आदेश आपके खिलाफ आता है तो हम आपको हटा देंगे। ऐसा होना मजदूर आंदोलन में सामान्य बात हो गयी है। पहले पुलिस स्वयं ही मजदूर आंदोलन को खत्म करने का प्रयास करती है और जब उसका बस नहीं चलता तो वह अदालत का सहारा लेकर ऐसा करती है। मजदूरों के मामले में पूंजीपतियों की पूरी मशीनरी मजदूरों के खिलाफ खड़ी हो जाती है। यूनियन भी योजना के तहत ही धरने को चला रही है और अपने संघर्ष को आगे बढ़ा रही है। 
         -गुड़गांव संवाददाता
    

आलेख

/uddharak-ideology-ki-talaas

इस मजदूर आंदोलन की विचारधारा मार्क्सवाद का यह स्पष्ट कहना था कि महान फ्रांसीसी क्रांति के जमाने से ही पूंजीपति वर्ग ने अपने समाज के लिए जो आदर्श घोषित कर रखा है- स्वतंत्रता, समता, बंधुत्व का आदर्श- वह पूंजीवाद की निजी सम्पत्ति के कारण कभी भी हासिल नहीं किया जा सकता। पूंजी के रूप में निजी सम्पत्ति के रहते स्वतंत्रता का मतलब होगा बाजार में खरीद-बेच की स्वतंत्रता, समता का मतलब होगा बाजार में खरीददार व विक्रेता की समता तथा बंधुत्व का मतलब होगा खरीद-बेच की व्यवस्था पर सहमति।

/war-and-diplomacy-uthal-puthal-se-bhari-duniyaa

गाजापट्टी में इजरायल की कत्लेआम करने की मुहिम जारी है। इजरायली यहूदी नस्लवादी न तो किसी समझौते को मान रहे हैं और न ही वे अपनी विनाश लीला को रोक रहे हैं। वे नस्लीय सफाये की मुहिम चला रहे हैं। इसके जवाब में हमास और अन्य प्रतिरोध संगठन इजरायली कब्जाकारी सेना पर प्रहार कर रहे हैं। 

/amerika-ka-iran-par-operation-d-day-hatasha-ka-parinam

अपने व्यापक नुकसान को देखते हुए अमरीकी साम्राज्यवादियों ने अप्रैल महीने में युद्ध विराम किया और फिर पाकिस्तान की मध्यस्थता में एक ज्ञापन समझौता किया। इस ज्ञापन समझौते में अधिकांशतः ईरान की मांगें स्वीकार की गयीं। यह वस्तुतः अमरीका की पराजय थी। इस समझौते के थोड़े ही दिनों बाद अमरीका ने इसका उल्लंघन शुरू कर दिया। इजरायल ने एक भी दिन इस समझौते को नहीं माना।

/education-and-emplyoment-dasha-aur-durdasha

भारत की शिक्षा व्यवस्था में एक अजीबोगरीब विरोधाभास नजर आता है। एक ओर उच्च शिक्षा में आई आई टी, एम्स और आई आई एम जैसे सरकारी संस्थान हैं जो क्रमशः इंजीनियरिंग, चिकित्सा और

/cocoroach-saradar-and-samajvadi-janataantrik-morcha

उदारवादी या वाम-उदारवादी अपनी प्रकृति से ही पूंजीवादी समाज के मूल अंतर्विरोधों को देखने में असमर्थ होते हैं। इसीलिए वे इसकी आम गति को देखने में असमर्थ होते हैं। उनका निजी सम्पत्ति, पैसे, प्रतियोगिता, इत्यादि में दृढ़़ विश्वास होता है। इनके बिना वे किसी समाज की कल्पना नहीं कर पाते। और ठीक इसी कारण वे यह नहीं देख पाते कि भ्रष्टाचार निजी सम्पत्ति, पैसा और प्रतियोगिता का अनिवार्य परिणाम है। कि इस समाज में भ्रष्टाचार को कानूनी वैधता प्रदान की जा सकती है, उसे खत्म नहीं किया जा सकता।