भारत का इतिहास सवाल दर सवाल

पिछले दिनों स्वामीनाथन एस. अंकलेसेरिया अय्यर के एक विचारोत्तजक लेख (‘इण्डियन नेशनेलिज्म एण्ड हिस्टोरिकल फैंटसी आफ ए गोल्डन हिन्दू पीरियड’) ने काफी सुर्खियां बटोरीं। लेख में काफी तर्कपूर्ण ढंग और आंकड़ों के जरिये यह साबित किया गया था कि भारत कभी भी अतीत में ‘‘सोने की चिड़िया’’ नहीं रहा है। और ऐसा समय कभी नहीं रहा जब भारत में दूध की नदियां बहती हों। और ‘‘हिन्दू काल’’ का हाल ‘‘मुस्लिम काल’’ अथवा ‘‘ब्रिटिश काल’’ (‘‘ईसाई काल’’) से बहुत बेहतर नहीं रहा है। भारत के इतिहास में जो कुछ बेहतर है (प्रति व्यक्ति आय, जीवन प्रत्याशा, जन्म-मृत्यु दर, साक्षरता अन्य मापदण्डों के अनुसार) वह भारत की आजादी के बाद ही शुरू हुआ है। स्वामीनाथन क्योंकि एक पूंजीवादी विद्वान व नई आर्थिक नीतियों के पैरोकार हैं अतः वे भारत के विकास के नये युग का आगाज नब्बे के दशक से देखते हैं। 
    
भारत के इतिहास का ‘‘हिन्दू काल’’, ‘‘मुस्लिम काल’’ और ‘‘ब्रिटिश काल’’ के अनुसार बंटवारा वैज्ञानिक व सामाजिक विकास की दृष्टि से गलत है और साथ ही शरारत से भरा व तुच्छ समूहों के राजनैतिक हितों को साधने वाला है। स्वामीनाथन भारत के इतिहास के साम्प्रदायिक बंटवारे पर तो सवाल नहीं खड़ा करते हैं परन्तु वे अंगस मेड्डीसन के दीवाने भाजपा-संघ के प्रवक्ताओं की पोल इस आधार पर खोलते हैं कि असल में उसने कहा क्या था। अंगस मेड्डीसन के अध्ययन को आधार बनाकर ही वे संघ-भाजपा-मोदी के हिन्दू गौरव काल की पोल खोलते हैं। स्वामीनाथन का लेख ‘‘मियां की जूती मियां के सर’’ का अच्छा उदाहरण है। इस कहावत का अच्छा उदाहरण होने के बावजूद स्वामीनाथन एक तरह से भारत के इतिहास की साम्प्रदायिक व्याख्या को स्वीकार कर लेते हैं।     
    
भारत के इतिहास की साम्प्रदायिक व्याख्या की शुरूवात औपनिवेशिक काल में ही शुरू हुयी और इसे हिन्दू, मुस्लिम व अन्य साम्प्रदायिक राजनीति करने वालों और धूर्त विद्वानों ने हाथों-हाथ लपक लिया। भारत के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम (1857-1859) के बाद ही भारत के इतिहास को धार्मिक-साम्प्रदायिक आधार पर बांटा जाने लगा। और एक काल की दूसरे काल के सापेक्ष तुलना करके अपने काल को श्रेष्ठ तथा दूसरे काल में अपने को पीड़ित के बतौर पेश किया जाने लगा। मोदी, भाजपा, संघ जब भारत की हजार या बारह सौ बरस की गुलामी की चर्चा करते हैं तो इसके पीछे इतिहास की यही धार्मिक-साम्प्रदायिक व्याख्या ही होती है। और आगे इसका मकसद ‘‘हिन्दू काल’’ के कथित गौरव की वापसी होती है।
    
क्या भारत के इतिहास को हिन्दू-मुस्लिम-ईसाई आदि आधार पर बांटा और समझा जा सकता है? इसके साथ ही यह भी सवाल है वे लोग कौन हैं जो इतिहास की ऐसी ऊट पटांग व मनमानी व्याख्या करते हैं और उनके इसके पीछे क्या हित छुपे हुए हैं?
    
भारत के इतिहास को धार्मिक आधार पर बांट कर देखना असल में इतिहास को समग्र रूप में, वैज्ञानिक व ठोस आधार पर देखने के स्थान पर शासक वर्ग के धर्म के आधार पर देखना है। यह नजरिया एकतरफा व केवल कुछ तथ्यों को संज्ञान में लेकर मनमानी या मनचाही व्याख्या करता है। 
    
भारत के संदर्भ में धार्मिक आधार पर व्याख्या की एक बड़ी समस्या यह भी है कि यह केवल और केवल दिल्ली को केन्द्र में रखकर उस पर कब्जा करने वाले सामंती राजाओं के आधार पर इतिहास पर धार्मिक काल का मुलम्मा चढ़ा देता है। भारत का इतिहास सिर्फ दिल्ली पर शासन करने वालों का इतिहास नहीं है। आज का भारत का राजनैतिक मानचित्र जैसा है वह ब्रिटिश औपनिवेशिक काल से पहले एक राजनैतिक इकाई के रूप में कभी नहीं रहा। और इस रूप में देखा जाए तो दिल्ली में कब्जा करने वालों का प्रभाव बहुत से ऐसे क्षेत्रों में कभी नहीं रहा है जो आज भारत के हिस्से हैं। उत्तर-पूर्व भारत का अधिकांश हिस्सा औपनिवेशिक काल से पहले एकदम अछूता रहा और लाख कोशिशों के बावजूद देश के कई जनजातीय इलाकों में अंग्रेज अपना प्रभाव व कब्जा बना नहीं पाये। और जो बात ब्रिटिश उपनिवेशवादियों के लिए सच है वह उससे कहीं-कहीं ज्यादा भारत के विशाल क्षेत्र में कब्जा करने वाले मौर्य वंश, गुप्त वंश अथवा मुगलों के लिए भी सच है। ये सभी राजा-महाराजा अपने-अपने दौर में बगावतों से गुजरते रहे। आपस में लड़ते रहे। ‘‘महान अशोक’’ या ‘‘महान अकबर’’ के जीवन का एक बड़ा हिस्सा अपने राज में बगावतों को दबाने अथवा पड़ोसी सामंती राजाओं से लड़ने में गुजरा है। मजे की बात यह है कि इन्हीं राजाओं के इतिहास को भारत के इतिहास अथवा किसी प्रांत के इतिहास के रूप में पेश कर दिया जाता है। 
    
यह भी सच है कि तथाकथित ‘‘हिन्दू काल’’ अथवा ‘‘मुस्लिम काल’’ में ऐसा कभी नहीं रहा कि अन्य धर्मों को मानने वाले राजाओं का शासन न रहा हो।’’ ‘‘हिन्दू काल’’ के नाम पर ‘‘बौद्ध धर्म’’ को आधार बनाकर शासन करने वाले राजाओं को भी लपेट लिया जाता है। जबकि एक जमाने में हिन्दू धर्म और बौद्ध धर्म के राजाओं के बीच ही भीषण संघर्ष नहीं हुए बल्कि हिन्दू धर्म के विभिन्न पंथों और सम्प्रदाय को मानने वाले राजाओं ने भी एक-दूसरे के खिलाफ युद्ध छेड़ा हुआ था। ‘‘हिन्दू काल’’ में भी अन्य धर्मों के राजा राज्य करते थे और ‘‘मुस्लिम काल’’ में भी अन्य धर्मों के राजाओं का विभिन्न क्षेत्रों में राज चलता था। सिक्ख धर्म का सैन्यीकरण तो मुगलों के खिलाफ लड़ने के दौरान ही हुआ। 
    
फिर भारत का इतिहास सिर्फ राजाओं का इतिहास नहीं है। राजाओं के खिलाफ लड़ने वाली मेहनतकश जनता का अपना ही इतिहास रहा है। कश्मीर से लेकर तमिलनाडु तक भारत के इतिहास में किसान, दस्तकारों, मजदूरों, जनजातियों के अनेकोनेक संघर्ष हुए हैं। भारत में लम्बे समय तक इतिहास लेखन की परम्परा न होने और सिर्फ व सिर्फ राजाओं की झूठी-सच्ची कहानियों को गाने वाले भाण्डों के कारण भारत की मेहनतकश-शोषित-उत्पीड़ित जनता के संघर्षों का इतिहास ढंग से कभी प्रकाश में न आ सका। यह समस्या अतीत के संदर्भ में ही नहीं बल्कि भारत की आजादी की लड़ाई में मजदूरों, किसानों, जनजातियों के संघर्ष के संदर्भ में भी है। भारत का इतिहास सिर्फ राजाओं, दिल्ली में राज करने वालों का ही इतिहास नहीं है बल्कि वह किसानों-मजदूरों-दस्तकारों आदि शोषित-उत्पीड़ित मेहनतकशों के जीवन, उनके संघर्ष, उनकी संस्कृति, उनकी अपनी परम्पराओं का भी इतिहास है। 
    
भारत के शोषित-उत्पीड़ित जन भारत के इतिहास और विरासत को किस रूप में लें? क्या उस इतिहास को स्वीकार लें जिसके प्रवक्ता शासक वर्ग का एक हिस्सा या दूसरा हिस्सा प्रस्तुत करते रहे हैं। ‘‘हिन्दू काल’’, ‘‘मुस्लिम काल’’, ‘‘ईसाई काल’’ के इतिहास की धारणा भारत के शोषित-उत्पीड़ित जनों की गुलामी पर पर्दा डाल देती है। उनके शोषण-उत्पीड़न को छुपा देती है। उनके संघर्षों को इतिहास में कोई स्थान नहीं देती है। अकारण ही नहीं है कि ‘‘हिन्दू काल’’ का गौरव-गान गाने वाले कभी भी इस बात की चर्चा नहीं करते हैं कि किस तरह का व्यवहार भारत की शूद्र कहीं जाने वाली मेहनतकश जातियों तथा स्त्रियों के साथ अतीत में होता रहा है। और यह आज भी ‘‘महान मोदी’’ के ‘‘हिन्दू गौरव काल’’ में जारी है। और इस बात की कोई संभावना नहीं है कि इनके ‘‘एक हजार साल’’ की राज करने की मंशा भारत में शोषित-उत्पीड़ित जनों को कोई राहत देगी बल्कि उलटे ये भारत को हिन्दू फासीवादी काली गुलामी की अंधी सुरंग में धकेल देंगे। इनका राज भारत के मजदूरों-मेहनतकशों, उत्पीड़ित जाति-जनजातियों, स्त्रियों-धार्मिक अल्पसंख्यकों आदि सभी के लिए काली गुलामी ले कर आयेगा। 
    
ऐसे में, भारत के मजदूरों-मेहनतकशों, शोषित-उत्पीड़ितों के समक्ष बार-बार यह कार्यभार उपस्थित होता है कि वे इतिहास की झूठी व्याख्या को नकार दें। अतीत में किन्हीं के लिए भारत रहा होगा ‘‘सोने की चिड़िया’’ पर असल में भारत के मेहनतकशों के लिए भारत का इतिहास गुलामी दर गुलामी, संघर्ष दर संघर्ष का इतिहास है। 

आलेख

/amerika-dwaara-iran-par-naya-hamala-isake-doorgami-result

अमरीकी साम्राज्यवादी वर्चस्व को बढ़ाने में पश्चिम एशिया में दृढ़ स्तम्भ इजरायल रहा है। 1979 से पहले ईरान का शासक शाह रजा पहलवी  भी इस क्षेत्र में अमरीका का लठैत रहा है। 1979 में रजा पहलवी का तख्ता उलटने के बाद जो इस्लामी सत्ता आयी, वह लगातार अमरीकी साम्राज्यवाद की वर्चस्ववादी नीतियों का विरोध करती रही थी। यह सत्ता इजरायल द्वारा फिलिस्तीनियों को उजाड़े जाने और उनकी जमीनों पर यहूदी बस्तियां बसाने का विरोध करती रही है।

/amerika-aur-china-thyuusidaidsa-phaans

शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीनी शासक भी दुनिया को यह जताने में लगे हुए हैं कि उनका अमेरिका से टकराने का कोई इरादा नहीं है। वे सबके साथ साझेदारी की बात कर सकते हैं। यानी अमेरिका व चीन साथ-साथ सारी दुनिया में छा सकते हैं।

/cocaroach-janta-party-hindu-fascist-v-sahi-raah

जेनरेशन जेड की युवा पीढ़ी को संघी ताकतें समझा रही हैं कि वे काॅकरोच जनता पार्टी के बहकावे में न आयें। वे मोदी के साथ खड़े रहें। वहीं काॅकरोच जनता पार्टी युवाओं के आक्रोश-दर्द को मुद्दा बना उन्हें बुराई मुक्त पूंजीवाद का ख्वाब परोस रही हैं। ऐसे में युवाओं को सही रास्ता तलाशना होगा। सही रास्ता इन दोनों रास्तों से अलग शहीदे आजम भगत सिंह का रास्ता है

/hindu-fascist-chunav-aayog-and-vidhansabha-chunaav

हिंदू फासीवादियों के लिए बिहार एस आई आर की पहली प्रयोगशाला थी। पश्चिम बंगाल  निशाने पर लंबे समय से ही था। ये तमाम प्रयास के बावजूद यहां की सत्ता से काफी दूर थे। चुनाव आयोग के जरिए एस आई आर और गृह मंत्रालय के अधीन अर्ध सैनिक बलों के दम पर इस किले को फतह करना हिंदू राष्ट्रवादियों का खास मकसद था। अंततः इस चुनाव में यहां की सत्ता को गिरफ्त में लेने में ये सफल हो चुके हैं। 

/imperialism-and-abhijat-workers-class

दूसरे विश्व युद्ध के बाद साम्राज्यवादी देशों में पूंजीपति वर्ग ने ‘कल्याणकारी राज्य’ कायम किये जिसके पीछे समाजवादी खेमे का दबाव तो था ही साथ ही उन देशों में संगठित मजदूर आंदोलन का भी भय था जो पहले विश्व युद्ध के बाद फिर उठ खड़ा हुआ था। दो विश्व युद्धों की तबाही और महामंदी की विभीषिका से उसका क्रांतिकारी तेवर भी था जिसे पूंजीपति वर्ग नजरअंदाज नहीं कर सकता था।