व्यवस्था के दरकते पहिए: बढ़ता जनाक्रोश

Published
Thu, 10/01/2026 - 09:50
/vyavastha-ke-darakate-pahiye-badhata-janaakrosh

यह वर्ष फासीवादी निजाम कायम करने के लक्ष्य के साथ सत्तासीन मोदी सरकार के सामने एक के बाद एक चुनौती पेश कर रहा है। पहले ठेका मजदूरों के संघर्षों की लहर ने पूरे उत्तर भारत में खुलेआम पूंजीपति वर्ग को चुनौती दी। पूंजीपतियों की लूट की खातिर मजदूरों के खून की आखिरी बूंद को भी निचोड़ने में जुटी सरकारों को पीछे हटना पड़ा और जगह-जगह न्यूनतम मजदूरी बढ़ानी पड़ी। साथ ही मजदूरों पर पुलिसिया कहर-फर्जी मुकदमों ने पुलिस-प्रशासन का पूंजीपरस्त रुख सबके सामने स्पष्ट कर दिया। 
    
इसके पश्चात पेपर लीक के मामलों में छात्रों-युवाओं के जंतर मंतर संघर्ष ने मोदी सरकार को सीधे चुनौती पेश की। पुलिसिया दमन के बाद भी जब छात्रों-युवाओं ने झुकने से इंकार कर दिया तो मोदी सरकार को पीछे हटते हुए अपने शिक्षा मंत्री को इस्तीफा दिलाना पड़ा। इस संघर्ष की खासियत यह रही कि इसने समूची आबादी में मोदी सरकार द्वारा कायम की गयी भय-दहशत को एक झटके में तार-तार कर दिया और जगह-जगह छात्र-युवा अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरने लगे। 
    
इसके बाद चुनाव आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की करतूतों के खुलासे ने समूची चुनावी प्रक्रिया व एस आई आर को कठघरे में खड़ा कर दिया। विपक्षी दल ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करने लगे। इस घटनाक्रम ने पहले से लग रहे उन आरोपों को सच साबित कर दिया कि चुनाव आयोग भाजपा के पक्ष में काम कर रहा है। कि इस व्यवस्था में पैसे-बाहुबल का तो चुनावों पर पहले से ही जोर चलता था अब चुनावी प्रक्रिया भी एक खास दल के पक्ष में झुका कर पूरी तरह बेमानी बना दी गयी है। ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग हर बीतते दिन के साथ जोर पकड़़ रही है। एस आई आर से लेकर फार्म-6 में बदलाव पर शीर्ष न्यायपालिका के फासीवादी ताकतों के समर्थन में खुद न्यायपालिका के न्याय पर प्रश्न चिन्ह (?) लगा दिये हैं। 
    
अंत में जमुई-दिल्ली-समस्तीपुर में एक के बाद एक महिला हिंसा की खबरों ने साबित कर दिया कि संघ-भाजपा के शासन में महिला हिंसा की करतूतें आसमान छूने लगी हैं। रही-सही कसर नेताओं के महिला विरोधी बोलों ने पूरी कर दी। दिल्ली के प्रतिष्ठित लेडी श्री राम कालेज ने 10 दिन आनलाइन कक्षाओं का फरमान सुना मानो एक तरह से तंत्र की विफलता पर मोहर लगा दी कि वे छात्राओं को सुरक्षा नहीं दे सकते इसलिए वे घर से पढ़ाई करें। कालेज की छात्राओं ने कालेज की इस तानाशाही के विरोध में व बलात्कार पीड़िता को न्याय के लिए प्रदर्शन शुरू किये तो उसमें दिल्ली के बाकी कालेजों की छात्रायें भी साथ में खड़ी होती गयीं।
    
एक के बाद एक मुद्दे पर बढ़ता जनाक्रोश न केवल मोदी सरकार की विफलता को सामने ला रहा है बल्कि पूंजीवादी व्यवस्था की असलियत भी उजागर कर रहा है। असलियत यही है कि पूंजीवादी व्यवस्था में मजदूर-मेहनतकशों-छात्रों-युवाओं-महिलाओं को केवल क्रूर शोषण-अपमान-बेकारी ही झेलनी पड़ती है और व्यवस्था का हर अंग पुलिस-प्रशासन -न्यायपालिका-चुनाव आयोग-सरकार सभी निर्लज्जता से जनता के शोषण-उत्पीड़न में जुटे हैं। फासीवादी ताकतों के आगे समर्पण में ये अपने ही कानूनों को धता बताने में नहीं हिचक रहे हैं। मजदूर वर्ग पर हमले के मामले में तो ये पूंजीपतियों के पाले में लम्पटों सरीखा व्यवहार कर रहे हैं। 
    
ऐसे में व्यवस्था के इन दरकते एक-एक पहियों को एजेण्डा बना विपक्षी दल जहां इसी पूंजीवादी व्यवस्था में सत्तासीन होना चाहते हैं। वहीं मजदूर-मेहनतकशों-युवाओं-महिलाओं को इस असलियत को पहचानना होगा कि व्यवस्था के पहिये ही नहीं समूची व्यवस्था ही उनके हितों के खिलाफ है। फासीवादी ताकतों ने इन पहियों के ऊपर पड़ा आवरण नोंच डाला है और पहियों को जनता को सीधे कुचलने में लगा दिया है। शायद इसीलिए टाटा-अम्बानी-अडाणी ने मोदी-शाह को सत्ता पर पहुंचाया था। ऐसे में जरूरत इस बात की है कि पहियों की मरम्मत के बजाय समूची व्यवस्था की असलियत को पहचाना जाये और पहियों के खिलाफ लड़ते हुए लुटेरी पूंजीवादी व्यवस्था बदलने की लड़ाई तेज की जाये। 

आलेख

/punjivadi-jantantra-and-chunavi-corruption

अठारहवीं सदी के इंग्लैण्ड में होने वाले चुनावी भ्रष्टाचार पर गूगल से ‘सर्च’ करने पर उसका ए आई स्वतः ही यह जवाब हाजिर कर देता हैः 

/election-aayog-hindu-fascist-and-loktantra

एस.आई.आर. प्रक्रिया के दौरान बड़े पैमाने पर मतदाताओं की कटौती की गई। अब तक 13 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए। जबकि 5-6 करोड़ लोगों को संदेह की आड़ में नोटिस भेजे गए। 13 करोड़ में से 70 प्रतिशत वो लोग थे जिन्हें स्थानांतरित या अनुपस्थित बता दिया गया। इस तरह बड़े स्तर पर मनमानी छंटनी की जा रही है। इसमें सबसे बड़ी संख्या अल्पसंख्यक, दलित, आदिवासी, महिलाओं और मलिन बस्तियों में रहने वालों की है।

/uddharak-ideology-ki-talaas

इस मजदूर आंदोलन की विचारधारा मार्क्सवाद का यह स्पष्ट कहना था कि महान फ्रांसीसी क्रांति के जमाने से ही पूंजीपति वर्ग ने अपने समाज के लिए जो आदर्श घोषित कर रखा है- स्वतंत्रता, समता, बंधुत्व का आदर्श- वह पूंजीवाद की निजी सम्पत्ति के कारण कभी भी हासिल नहीं किया जा सकता। पूंजी के रूप में निजी सम्पत्ति के रहते स्वतंत्रता का मतलब होगा बाजार में खरीद-बेच की स्वतंत्रता, समता का मतलब होगा बाजार में खरीददार व विक्रेता की समता तथा बंधुत्व का मतलब होगा खरीद-बेच की व्यवस्था पर सहमति।

/war-and-diplomacy-uthal-puthal-se-bhari-duniyaa

गाजापट्टी में इजरायल की कत्लेआम करने की मुहिम जारी है। इजरायली यहूदी नस्लवादी न तो किसी समझौते को मान रहे हैं और न ही वे अपनी विनाश लीला को रोक रहे हैं। वे नस्लीय सफाये की मुहिम चला रहे हैं। इसके जवाब में हमास और अन्य प्रतिरोध संगठन इजरायली कब्जाकारी सेना पर प्रहार कर रहे हैं। 

/amerika-ka-iran-par-operation-d-day-hatasha-ka-parinam

अपने व्यापक नुकसान को देखते हुए अमरीकी साम्राज्यवादियों ने अप्रैल महीने में युद्ध विराम किया और फिर पाकिस्तान की मध्यस्थता में एक ज्ञापन समझौता किया। इस ज्ञापन समझौते में अधिकांशतः ईरान की मांगें स्वीकार की गयीं। यह वस्तुतः अमरीका की पराजय थी। इस समझौते के थोड़े ही दिनों बाद अमरीका ने इसका उल्लंघन शुरू कर दिया। इजरायल ने एक भी दिन इस समझौते को नहीं माना।