1
अच्छाई से क्या फायदा
अगर अच्छों को मार गिराया जाए
या उन्हें मार गिराया जाए
जिनके लिए वे अच्छे हैं?
आजादी से क्या फायदा
अगर आजाद लोगों को उनके बीच जीना पड़े
जो आजाद नहीं हैं?
तर्कशील होने से क्या फायदा
अगर तर्कशील न होने से रोटी मिले,
जो सबके लिए जरूरी है?
2
अच्छा होने के बदले, कोशिश करो
ऐसे हालात बनें, जिनमें अच्छाई मुमकिन हो
और उससे भी बड़ी बात :
उसकी जरूरत ही न रह जाए!
आजाद होने के बदले, कोशिश करो
ऐसे हालात बनें, जिनमें सभी आजाद हों
यहां तक कि आजादी से प्यार की भी
जरूरत न रह जाए!
तर्कशील होने के बदले, कोशिश करो
ऐसे हालात बनें, जिनमें किसी का तर्कशील न होना
घाटे का सौदा हो जाए!
(मूल जर्मन भाषा से अनुवाद : उज्ज्वल भट्टाचार्य
साभार कविता कोश)