हरिद्वार/ दिनांक 12 जुलाई 2026 को पथरी थाना क्षेत्र, लक्सर (हरिद्वार) में एक 15 वर्षीय लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया। जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इसमें दो लोगों के खिलाफ नामजद एफ आई आर दर्ज हुई है और 6 लोग अज्ञात हैं। दो दिन बीतने तक लड़की का केवल मेडिकल हुआ है। लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
इसकी सूचना पाकर प्रगतिशील महिला एकता केन्द्र, प्रगतिशील भोजनमाता संगठन, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन व इंकलाबी मजदूर केंद्र के कार्यकर्ता पीड़िता के घर पहुंचे। पहुंचने पर स्थानीय निवासियों द्वारा बताया गया कि उक्त पीड़िता सुल्तानपुर नगर पंचायत लक्सर की रहने वाली है। पीड़िता का परिवार बेहद गरीब है। पीड़िता अपने दोस्त के साथ शाम लगभग 7 बजे घर से निकली थी। उसके घर से लगभग 4-5 किलोमीटर दूर खेत में उसके दोस्त सहित 8 लोगों के द्वारा सामूहिक बलात्कार किया गया।
पीड़िता किसी तरह वहां से भाग कर पास के गांव में गई जहां पीड़िता को किसी ने पहनने के लिए कपड़े दिये। वह सुबह लगभग 3 बजे परिवारवालों के खोजने पर मिली। तब उसके घर वालों ने एफ आई आर दर्ज कराई है। इसमें दो मुस्लिम परिवार व 6 हिन्दू परिवार के लड़के बताए जा रहे हैं जो कि भाजपा से जुड़े हैं।
इसी सब वजह से इतना समय बीतने के बाद भी अभी उनकी कोई सुधबुध नहीं ली गई है न ही पीड़िता के 164 के बयान हुए हैं और न किसी की गिरफ्तारी की गई है। उन अपराधियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।
संगठन के कार्यकर्ताओं के पहुंचने के कुछ समय बाद ही जन अधिकार पार्टी जन शक्ति के आजाद अली अपनी टीम के साथ वहां पहुंच गए। प्रतिनिधियों द्वारा अधिकारियों से शिकायत करने पर पुलिस की टीम वहां पहुंची। पूछने पर पुलिस टीम ने बताया कि अन्य व्यस्तताओं की वजह से 164 के बयान नहीं हुए हैं। टीम वैसे छानबीन कर रही है। इस के बाद फारेंसिक की टीम तथ्य जुटाने घटना स्थल पर पहुंची। उसके बाद संगठन के कार्यकर्ता घटना स्थल पर भी पहुंचे।
सरकार व पुलिस प्रशासन रसूखदार व पैसे वाले लोगों को बचाने का काम करती है। इसी घटना में ये ही लड़की अमीर होती तो पुलिस प्रशासन दिन-रात एक कर अपराधियों को पकड़ सकती थी या फिर ये लड़की हिन्दू और अपराधी मुस्लिम होता तो अभी तक उनके घरों पर बुलडोजर चल चुका होता। लेकिन पीड़िता बहुत गरीब व मुस्लिम परिवार की है तो शासन-प्रशासन इतनी हीला-हवाली कर रहा है।
यह कोई पहली या आखिरी घटना नहीं है। आज समाज में महिलाओं के साथ अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इन अपराधों की जड़ में समाज में महिलाओं की दोयम दर्जे की स्थिति, पुरुष प्रधान मानसिकता व अश्लील उपभोक्तावादी संस्कृति है। जब तक ये खत्म नहीं होगी तब तक महिलाओं के साथ अपराध खत्म नहीं हो सकते। इसके खिलाफ समाज के सभी इंसाफ पसंद लोगों को एकजुट होकर संघर्ष करने की जरूरत है।
-हरिद्वार संवाददाता