रस्मी आयोजन को वास्तविक संघर्ष में बदलने की जरूरत

/rashmi-ayojan-ko-vastavik-sangharson-mein-badalne-ki-jaroorat

20 मई की आम हड़ताल

20 मई 2025 को केन्द्रीय ट्रेड यूनियन फेडरेशनों ने देशव्यापी आम हड़ताल का आह्वान किया है। मजदूर विरोधी 4 श्रम संहिताओं और मजदूर हितों से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर यह आम हड़ताल बुलायी गयी है। संघ-भाजपा से जुड़ी बीएमएस इस हड़ताल से दूर है। सीटू, एटक, इंटक, एच एम एस, एल पी एफ, एक्टू, टी यू सी आई सरीखे केन्द्रीय मजदूर संगठनों ने इस हड़ताल का आह्वान किया है। अन्य तमाम स्वतंत्र यूनियनों, बैंक-बीमा-रेलवे की यूनियनों-राज्य कर्मचारियों के संगठनों आदि ने हड़ताल का समर्थन किया है। 
    
देश में बढ़ रहे फासीवादी हमले का देश का मजदूर वर्ग सर्वाधिक शिकार हुआ है। उसके शोषण को लगातार बढ़ाने के लिए एक के बाद एक हमले बोले जा रहे हैं। मजदूर विरोधी 4 श्रम संहितायें मजदूर वर्ग पर शासकों की ओर से बोला गया सबसे संगठित हमला हैं। इसीलिए इस हमले के खिलाफ सबसे तीखे प्रतिरोध की आवश्यकता वक्त की मांग है। वक्त की मांग है कि मजदूर वर्ग किसानों के देशव्यापी लम्बे संघर्ष से प्रेरणा ले और अपने संघर्ष के दम पर श्रम संहिताओं के मसले पर फासीवादी शासकों को पीछे हटने को मजबूर कर दे। 
    
प्रश्न यह उठता है कि क्या मजदूर वर्ग में वह काबिलियत, वह ताकत है कि वह निरंकुश शासकों को धूल चटा सके। निश्चित तौर पर मजदूर वर्ग आज भारतीय आबादी का सबसे बड़ा वर्ग है। सबसे बड़ा वर्ग होने के साथ ही वह सबसे क्रांतिकारी वर्ग है। वह किसी भी मुद्दे पर सबसे तीखे-क्रांतिकारी  व निर्णायक तरीके से शासकों को चुनौती दे सकता है। वह बाकी वर्गों-तबकों को भी संघर्ष में खींच कर ला सकता है। 
    
तब फिर ऐसा क्या है कि जो काम किसान अपने आंदोलन के जरिए कर सकते हैं वो आज भारत का मजदूर वर्ग नहीं कर पा रहा है। शासक वर्ग हमले पर हमला बोले जा रहा है और मजदूर वर्ग उसका कोई ठोस प्रत्युत्तर नहीं दे पा रहा है। 
    
इसकी सर्वप्रमुख वजह है मजदूर वर्ग में अपनी क्रांतिकारी विचारधारा से लैस हो देशव्यापी एकजुटता का अभाव। ऐसा नहीं है कि देश में मजदूरों के बड़े या देशव्यापी संगठन नहीं हैं। वे हैं पर वे संघर्ष की, खास तौर पर क्रांतिकारी संघर्ष की राह काफी पहले छोड़ चुके हैं। वे पूंजीवादी व्यवस्था को खत्म कर समाजवाद कायम करने के संघर्ष को छोड़ चुके हैं। वे पूंजीवादी व्यवस्था के दायरे में ही मजदूरों को कुछ राहत दिलाने-कुछ आर्थिक मुद्दे उठाने और उन पर संघर्ष की खानापूरी में लीन हो चुके हैं। इसीलिए वे साल दर साल मजदूरों के मुद्दों पर रस्मी हड़ताल आयोजित करते हैं और शासकों पर न के बराबर या बेहद कम दबाव कायम कर पाते हैं। उनमें किसानों की तरह दिल्ली बार्डर पर डेरा डाल लेने या ऐसे संघर्ष का माद्दा खत्म हो चुका है जो सत्ता को झुका सके। वे तो सालाना हड़ताल को भी रस्म अदायगी के कार्यक्रम में बदलने पर उतारू हैं। निजी क्षेत्र के कारखानों में हड़ताल कराने से बचना, उद्योगों में हड़ताल से बचना, केवल सरकारी क्षेत्र के कर्मचारियों के कुछ रस्मी आयोजन आदि इसके प्रमाण हैं। 
    
दूसरी वजह मजदूर वर्ग का अपनी क्रांतिकारी विचारधारा से लैस न होना, अपनी ताकत का अहसास व अपने क्रांतिकारी लक्ष्य से परिचित न होना है। केन्द्रीय फेडरेशनों ने जो दिखावे के बतौर क्रांति का नाम भी लेती हैं, उन्होंने मजदूर वर्ग को क्रांतिकारी सिद्धान्तों-विचारधारा-राजनीति पर खड़ा करने का काम खुद के पतित होने के साथ ही त्याग दिया है। इसके चलते इनके झण्डे तले लामबंद मजदूर भी अपनी नौकरी बचाने, कुछ आर्थिक मुद्दे साधने की कवायद में जुटता गया है। ऐसे में मजदूर वर्ग की क्रांतिकारी संभावनाओं, क्रांति में उसकी नेतृत्वकारी भूमिका, समाज में उथल-पुथल पैदा करने की अपनी क्षमता व क्रांति की विचारधारा इन सबसे वह दूर हो चुका है। और आज रस्मी संघर्ष से भी किनाराकशी करने लगा है। इसके लिए निश्चय ही मजदूर नहीं उनका पतित हो चुका नेतृत्व दोषी है। 
    
इन हालातों में वक्त की मांग है कि मजदूर वर्ग अपनी उपरोक्त दोनों कमियों को दूर कर शासक वर्ग के सम्मुख क्रांतिकारी चुनौती पेश करे। अन्यथा शासकों का शोषण-उत्पीड़न उसका जीवन दूभर करता चला जायेगा। 
    
20 मई की आम हड़ताल के मौके पर जरूरत है कि केन्द्रीय ट्रेड यूनियन फेडरेशनों के रस्मी आह्वान को वास्तविक संघर्ष में बदला जाये। मजदूरों को हर शहर-हर फैक्टरी-गांव देहात-दफ्तरों-दुकानों सब जगह लामबंद किया जाये और सड़कों पर उतरा जाये। केन्द्रीय फेडरेशनों के चरित्र का भण्डाफोड़ करते हुए उन्हें क्रांतिकारी राजनीति और देशव्यापी एकजुटता की ओर बढ़ाया जाये। कहने की बात नहीं कि क्रांतिकारी पार्टी व मजदूरों का क्रांतिकारी ट्रेड यूनियन सेण्टर बना कर ही मजदूरों को संघर्ष की ओर बढ़ाया जा सकता है। जो भी क्रांतिकारी ताकतें क्रांतिकारी संघर्ष में लगी हैं उन्हें मजदूर वर्ग पर, उसकी संघर्ष की क्षमता पर भरोसा कर इस दिशा में पूरा जोर लगाना चाहिए। मजदूर वर्ग को उसकी विचारधारा पर खड़ा करने व वर्ग के बतौर उसे एकजुट करने में अपनी सारी मेधा लगानी चाहिए। जगह-जगह फूट रहे मजदूरों के स्वतः स्फूर्त संघर्ष इस उम्मीद को जगाते हैं कि मजदूर लम्बी खामोशी के बाद शासकों को शीघ्र ही अपना प्रत्युत्तर पेश करेंगे। 
    
20 मई की आम हड़ताल को शासकों को प्रत्युत्तर का शुरूआती दिन बनाने के लिए पूरे प्रयास किये जाने चाहिए। 

आलेख

/emerjency-tab-aur-ab

पिछले दस-बारह सालों में हिन्दू फासीवादियों ने इस अनौपचारिक आपातकाल की शैली को काफी विकसित किया है। कहां किस छेद का इस्तेमाल करना है, इसमें उन्होंने महारत हासिल की है। इनके इस कृत्य में न्यायपालिका की सहभागिता से यह काम और आसान हो गया है। मतदाता सूची का विशेष गहन पुनर्रीक्षण इस सबका विशिष्ट उदाहरण है।

/piketi-ka-global-justice-project-samraajyavad-ki-pairokari

जैसा कि इंटरव्यू के शीर्षक से स्पष्ट है कि पिकेटी एक ऐसी दुनिया का ख्वाब परोसते हैं जिसमें बगैर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाये ज्यादातर लोग खुशहाल बन सकते हैं। इस सुन्दर दुनिया को हासिल करने के लिए वे किसी वर्ग संघर्ष बढ़ाने या क्रांति की वकालत नहीं करते। बल्कि वे कुछ नुस्खे सुझाते हैं जिस पर चल कर मौजूदा पूंजीवादी-साम्राज्यवादी दुनिया को ही खुशनुमा बनाया जा सकता है। 

/amerika-dwaara-iran-par-naya-hamala-isake-doorgami-result

अमरीकी साम्राज्यवादी वर्चस्व को बढ़ाने में पश्चिम एशिया में दृढ़ स्तम्भ इजरायल रहा है। 1979 से पहले ईरान का शासक शाह रजा पहलवी  भी इस क्षेत्र में अमरीका का लठैत रहा है। 1979 में रजा पहलवी का तख्ता उलटने के बाद जो इस्लामी सत्ता आयी, वह लगातार अमरीकी साम्राज्यवाद की वर्चस्ववादी नीतियों का विरोध करती रही थी। यह सत्ता इजरायल द्वारा फिलिस्तीनियों को उजाड़े जाने और उनकी जमीनों पर यहूदी बस्तियां बसाने का विरोध करती रही है।

/amerika-aur-china-thyuusidaidsa-phaans

शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीनी शासक भी दुनिया को यह जताने में लगे हुए हैं कि उनका अमेरिका से टकराने का कोई इरादा नहीं है। वे सबके साथ साझेदारी की बात कर सकते हैं। यानी अमेरिका व चीन साथ-साथ सारी दुनिया में छा सकते हैं।

/cocaroach-janta-party-hindu-fascist-v-sahi-raah

जेनरेशन जेड की युवा पीढ़ी को संघी ताकतें समझा रही हैं कि वे काॅकरोच जनता पार्टी के बहकावे में न आयें। वे मोदी के साथ खड़े रहें। वहीं काॅकरोच जनता पार्टी युवाओं के आक्रोश-दर्द को मुद्दा बना उन्हें बुराई मुक्त पूंजीवाद का ख्वाब परोस रही हैं। ऐसे में युवाओं को सही रास्ता तलाशना होगा। सही रास्ता इन दोनों रास्तों से अलग शहीदे आजम भगत सिंह का रास्ता है