काशी विश्वनाथ फैक्टरी में मजदूरों का शोषण

/kashi-vishwanath-factory-mein-majdooron-ka-shoshan

मेरा नाम कपिल कुमार गौतम है। मैं काशीपुर के हिम्मतपुर वार्ड नं 6 में निवास करता हूं और दो साल से काशीपुर के हिम्मतपुर क्षेत्र में स्थित कम्पनी काशी विश्वनाथ में काम करता हूं। मेरा पद सहायक इलेक्ट्रीशियन का है। इन दो सालों में मैंने काशी विश्वनाथ और इसकी अन्य फैक्टरियों में मजदूरों की जो स्थिति देखी है उसी के बारे में कुछ बातें आपको बताना चाहता हूं। 
    
जब मैं शुरुवात में काम करने के लिए फैक्टरी गया तो मुझे अच्छा लगा कि मुझे घर के पास ही काम मिल गया है। लेकिन धीरे-धीरे फैक्टरी के अंदर के हालात देखकर मुझे समझ में आया कि फैक्टरी में मजदूरों का बहुत शोषण हो रहा है। जब भी कोई मजदूर फैक्टरी में काम करने जाता है तो उसका ई एस आई कटना चाहिए ताकि जरूरत पड़ने पर मजदूर इलाज करवा सके लेकिन यहां ज्यादातर मजदूरों का ई एस आई काटा ही नहीं जाता और पी एफ भी नहीं काटा जाता है। क्योंकि मालिक कंपनी में ज्यादा मजदूरों को नहीं दिखाना चाहता। 
    
फैक्टरी में मजदूरों से 12-12 घंटे काम लिया जाता है यानी 4 घंटे प्रतिदिन ओवरटाइम करवाया जाता है। श्रम कानूनों के मुताबिक ओवरटाइम का दुगुना भुगतान होना चाहिए जैसे 4 घंटे काम कराने पर मालिक को 8 घंटे का भुगतान करना होगा लेकिन यहां ऐसा नहीं होता। ओवरटाइम सिंगल ही दिया जाता है। जो ओवरटाइम दिया जाता है वह भी बेसिक पर ही दिया जाता है। ओवरटाइम पर जबरदस्ती रोका जाता है। यदि कोई मजदूर ओवरटाइम करने से मना करता है तो उसका गेट बंद कर दिया जाता है।
    
फैक्टरी में काम करने के दौरान मजदूरों की सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं। आये दिन मजदूर फैक्टरी में काम करने के दौरान घायल होते रहते हैं या मर जाते हैं। मृतक मजदूर के परिवारजनों को कम्पनी 10-20 हजार रुपये देकर निपटारा कर देती है। उसकी नजर में मजदूरों की जान की यही कीमत है। कोई दुर्घटना होने पर अगली बार दुर्घटना न हो इसके लिए कोई इंतजाम नहीं किये जाते हैं। आठ-नौ महीने पहले एक महिला की कम्पनी में दीवार गिरने से मौत हो गयी। अगर उसके पास हेलमेट होता तो वह बच जाती। इसी तरह दिसंबर 24 में एक मजदूर राहुल की रोलर पर फंसकर मृत्यु हो गयी। ऐसी ही बहुत सारी घटनाएं हैं। इसके अलावा चोट तो अक्सर लगती ही रहती हैं। जूते-वर्दी तक कंपनी नहीं देती है। कम्पनी मालिक ने कम्पनी में एक घंटी लगा रखी है। जब भी श्रम विभाग से कोई कम्पनी में जांच करने आता है तो वह घंटी बजा दी जाती है ताकि पूरी कम्पनी में सूचना फैल जाए और कम्पनी के गैर कानूनी काम नजर में न आएं।
    
काशी विश्वनाथ और अन्य कम्पनियां न केवल मजदूरों का शोषण करती हैं बल्कि इस क्षेत्र में रह रही आबादी के लिए ये वायु प्रदूषण का भी काम करती हैं। दिन में तो नहीं लेकिन रात में इन कंपनियों से निकलने वाला धुंआ हिम्मतपुर में रह रहे निवासियों को साफ दिखाई पड़ता है लेकिन वे उसी हवा में सांस लेने के लिए मजबूर हैं। 
    
काशी विश्वनाथ के मालिक की अन्य कई कंपनियां भी हिम्मतपुर क्षेत्र में हैं। यहां भी ऐसे ही हालात हैं। कुछ दिनों पहले 4 अप्रैल को इसकी एक अन्य कम्पनी देवार्पण जो नमकीन बनाती है, में एक मजदूर की कन्वेयर में फंसकर मौत हो गयी। उस मजदूर को वहां काम करते हुए 1 वर्ष हो चुका था लेकिन उसकी ई एस आई नहीं थी। पहले तो मालिक उसकी लाश को ही गायब करना चाहता था लेकिन वहां मौजूद मजदूरों द्वारा वीडिओ बनाने के बाद वह ऐसा नहीं कर पाया।
    
मृतक मजदूर के परिवारजनों को इंसाफ दिलाने के लिए जब बहुत सारे लोग परिवारजनों के साथ इकट्ठा हो गये तो एक मजदूर होने के नाते मैं भी देवार्पण कम्पनी के गेट पर पहुंच गया। मालिक के साथ काफी जद्दोजहद और संघर्ष के बाद अंततः 5 लाख रुपये मृतक मजदूर के परिवारजनों को मिले। मजदूर की जान के बदले यह बहुत छोटी रकम थी लेकिन यह भी मालिक को बहुत ज्यादा लग रही थी। 
    
जैसा कि मैं पहले ही बता चुका हूं कि देवार्पण कम्पनी भी काशी विश्वनाथ के मालिक की ही कम्पनी है इसलिए मुझे काशी विश्वनाथ कम्पनी के मालिक ने नौकरी से निकाल दिया। मुझ पर झूठे इलजाम लगाए गये। आरोप लगाया गया कि मैंने कम्पनी की मोटर खराब कर दी। जबकि ऐसा कभी नहीं हुआ। उलटे कई बार मुझसे ऐसे काम करवाए गये कि मेरी जान जाते-जाते बची। इसके अलावा यह आरोप लगाया गया कि मैं छुट्टी बहुत करता हूं। जबकि हकीकत यह है कि मुझसे जबरदस्ती 12-12 घंटे काम करवाया जाता था और छुट्टी वाले दिन भी काम करवाया जाता था। इससे मेरी तबियत खराब हो जाती थी। असल बात यह है कि काशी विश्वनाथ का मालिक या कोई भी मालिक ऐसे मजदूर को कंपनी में नहीं रखना चाहता जो उसके गैर कानूनी कामों के खिलाफ आवाज उठाता हो। 
    
मैं कम्पनी से निकाले जाने के बाद श्रम विभाग भी गया। श्रम विभाग ने भी मुझे निकाले जाने को गलत बताया और कम्पनी से मुझे वापिस काम पर रखने के लिए कहा। लेकिन अभी तक भी कम्पनी ने मुझे काम पर नहीं रखा है। जब मैं काम से निकाले जाने की सूचना देने थाने पहुंचा तो पुलिस वालों ने मालिक का ही पक्ष लिया। और कहा कि मालिक के खिलाफ लड़ोगे तो मालिक क्यों रखेगा। यानी मजदूर अपने हकों के लिए मालिक से संघर्ष भी नहीं कर सकता। 
    
जब भी मजदूर अपने हक की आवाज उठाते हैं तो श्रम विभाग, शासन प्रशासन, पुलिस प्रशासन कहता है कि हमारे पास आओ। हम तुम्हारी समस्या का समाधान करवाएंगे लेकिन जब मजदूर इनके पास जाता है तो ये सभी मालिक के आगे बेबस नजर आते हैं। ये कहीं न कहीं मालिक के पक्ष में खड़े नज़र आते हैं। ये मालिक के खिलाफ तभी कार्यवाही करते हैं जब मजदूर संगठित होकर मालिक के खिलाफ संघर्ष करते हैं। मुझे यह बात धीरे-धीरे समझ में आ रही है और सभी मजदूरों को इस बात को समझने की जरूरत है। तभी वे मालिकों से अपने अधिकारों को छीन सकते हैं।     -कपिल कुमार गौतम
 

आलेख

/amerika-dwaara-iran-par-naya-hamala-isake-doorgami-result

अमरीकी साम्राज्यवादी वर्चस्व को बढ़ाने में पश्चिम एशिया में दृढ़ स्तम्भ इजरायल रहा है। 1979 से पहले ईरान का शासक शाह रजा पहलवी  भी इस क्षेत्र में अमरीका का लठैत रहा है। 1979 में रजा पहलवी का तख्ता उलटने के बाद जो इस्लामी सत्ता आयी, वह लगातार अमरीकी साम्राज्यवाद की वर्चस्ववादी नीतियों का विरोध करती रही थी। यह सत्ता इजरायल द्वारा फिलिस्तीनियों को उजाड़े जाने और उनकी जमीनों पर यहूदी बस्तियां बसाने का विरोध करती रही है।

/amerika-aur-china-thyuusidaidsa-phaans

शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीनी शासक भी दुनिया को यह जताने में लगे हुए हैं कि उनका अमेरिका से टकराने का कोई इरादा नहीं है। वे सबके साथ साझेदारी की बात कर सकते हैं। यानी अमेरिका व चीन साथ-साथ सारी दुनिया में छा सकते हैं।

/cocaroach-janta-party-hindu-fascist-v-sahi-raah

जेनरेशन जेड की युवा पीढ़ी को संघी ताकतें समझा रही हैं कि वे काॅकरोच जनता पार्टी के बहकावे में न आयें। वे मोदी के साथ खड़े रहें। वहीं काॅकरोच जनता पार्टी युवाओं के आक्रोश-दर्द को मुद्दा बना उन्हें बुराई मुक्त पूंजीवाद का ख्वाब परोस रही हैं। ऐसे में युवाओं को सही रास्ता तलाशना होगा। सही रास्ता इन दोनों रास्तों से अलग शहीदे आजम भगत सिंह का रास्ता है

/hindu-fascist-chunav-aayog-and-vidhansabha-chunaav

हिंदू फासीवादियों के लिए बिहार एस आई आर की पहली प्रयोगशाला थी। पश्चिम बंगाल  निशाने पर लंबे समय से ही था। ये तमाम प्रयास के बावजूद यहां की सत्ता से काफी दूर थे। चुनाव आयोग के जरिए एस आई आर और गृह मंत्रालय के अधीन अर्ध सैनिक बलों के दम पर इस किले को फतह करना हिंदू राष्ट्रवादियों का खास मकसद था। अंततः इस चुनाव में यहां की सत्ता को गिरफ्त में लेने में ये सफल हो चुके हैं। 

/imperialism-and-abhijat-workers-class

दूसरे विश्व युद्ध के बाद साम्राज्यवादी देशों में पूंजीपति वर्ग ने ‘कल्याणकारी राज्य’ कायम किये जिसके पीछे समाजवादी खेमे का दबाव तो था ही साथ ही उन देशों में संगठित मजदूर आंदोलन का भी भय था जो पहले विश्व युद्ध के बाद फिर उठ खड़ा हुआ था। दो विश्व युद्धों की तबाही और महामंदी की विभीषिका से उसका क्रांतिकारी तेवर भी था जिसे पूंजीपति वर्ग नजरअंदाज नहीं कर सकता था।