केन्या में ऐतिहासिक वित्त विधेयक विरोधी प्रदर्शनों की पहली वर्षगांठ के अवसर पर पूरे देश में जगह-जगह 25 जून को प्रदर्शन आयोजित किये गये, जिसमें पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई शहरों में झड़प हो गई। पुलिस ने बड़े पैमाने पर शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ आंसू गैस और पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया, जो पिछले साल की अशांति के दौरान मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने और पुलिस की बर्बरता और जबरन गायब किए गए लोगों के हालिया मामलों पर न्याय की मांग करने के लिए एकत्र हुए थे।
कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा सभाओं को दबाने के लिए अत्यधिक बल प्रयोग किए जाने के कारण कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई तथा सैकड़ों लोग घायल हो गए।
पिछले साल के प्रदर्शन, जो विवादास्पद वित्त विधेयक 2024 के जवाब में शुरू हुए थे, एक क्रूर दमन का कारण बने जिसमें 60 से अधिक युवा मारे गए, सैकड़ों घायल हुए और कई गिरफ्तार हुए थे। राष्ट्रपति विलियम रुटो की सरकार द्वारा समर्थित इस विधेयक की व्यापक रूप से आलोचना की गई थी क्योंकि इसमें जीवन-यापन की लागत के संकट के बीच आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं पर दंडात्मक कर लगाए गए थे।
इस साल के विरोध प्रदर्शन 2024 के प्रदर्शनों के दौरान अपनी जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित किए गए थे। हालांकि, उन्होंने हाल की घटनाओं पर चिंता जताने के लिए एक मंच के रूप में भी काम किया, जिसमें पुलिस हिरासत में एक लोकप्रिय ब्लॉगर की हत्या और कार्यकर्ताओं और असंतुष्टों के अपहरण में चिंताजनक वृद्धि शामिल है।
केन्या संचार प्राधिकरण (सीए) ने इस वर्ष के विरोध प्रदर्शनों की लाइव टीवी कवरेज को निलंबित करने का आदेश दिया, जिसे कई लोगों ने प्रेस की स्वतंत्रता को दबाने का एक स्पष्ट प्रयास कहा है। सिटीजन टीवी, एनटीवी, केटीएन सहित कई स्थानीय स्टेशनों को या तो बंद कर दिया गया या प्रतिबंधित कर दिया गया। हिंसक व्यवधानों के बावजूद, वर्षगांठ के विरोध में देश भर में हजारों केन्याई सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने 2024 में मारे गए लोगों के नाम वाली तख्तियां ले रखी थीं और जवाबदेही, न्याय और पुलिस सुधार की मांग करते हुए नारे लगाए।
वर्षगांठ के विरोध प्रदर्शनों ने यह स्पष्ट कर दिया हैः केन्या के युवा चुप रहने को तैयार नहीं हैं, तथा उनकी न्याय की मांग अभी खत्म नहीं हुई है। (साभार : अंश, पीपुल्स डिस्पैच)